बांसवाड़ा में 12वीं बोर्ड का एग्जाम देने जा रही छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। हॉस्टल से स्कूल पेपर देने जा रही थी रास्ते में अचानक गिरकर बेहोश हो गई। सूचना मिलते ही छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ थाना इलाके के सागवा गांव का शनिवार सुबह 8:30 बजे का है। छात्रा पिछले 2 साल से सरकारी हॉस्टल में रहकर सागवा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। सज्जनगढ़ SHO धनपत सिंह ने बताया- सज्जनगढ़ उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सागवा की 12वीं की छात्रा पूजा कुमारी मीणा की मौत हुई है। वह आज सुबह अपनी सहेलियों के साथ 12वीं बोर्ड का कृषि विज्ञान का पेपर देने जा रही थी। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। छात्रा के परिजनों के प्रतापगढ़ से यहां पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल प्रिंसिपल ने FIR दर्ज करवाई है। इसमें बताया- पूजा कुमारी मीणा निवासी अरनोद (प्रतापगढ़) बालिका छात्रावास सागवा से स्कूल की ओर आ रही थी। इसी दौरान वह रास्ते में चक्कर खाकर गिर गई। उसकी सहेलियां, जिला परिषद सदस्य नरसिंह निनामा, स्थानीय सरपंच और ग्रामीणों ने तत्काल छात्रा को निजी वाहन से सरकारी अस्पताल सज्जनगढ़ पहुंचाया। इस दौरान वार्डन प्रियंका चरपोटा भी साथ रहीं। अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। दिल की सेहत हेल्दी रखने के लिए क्या करें? दिल को मजबूत रखना मुश्किल नहीं है। कुछ आसान आदतें अपनाएं: एक्टिव रहें: हफ्ते में 150 मिनट एक्सरसाइज करें। तेज चलना, योगा या साइकिलिंग अच्छे विकल्प हैं। अगर उम्र ज्यादा है तो धीरे शुरू करें। हेल्दी खानपान: तेल-घी कम खाएं, फल-सब्जियां ज्यादा खाएं। नमक और चीनी कंट्रोल में रखें। दालें, नट्स और मछली दिल की सेहत के लिए अच्छे हैं। वजन कंट्रोल: पेट की चर्बी कम करें। रोज वॉक से मदद मिलती है। स्ट्रेस मैनेज करें: मेडिटेशन या हॉबी से तनाव कम होता है, जो दिल पर अच्छा असर डालता है। पूरी नींद लें: रोज 7-8 घंटे सोएं। अगर खर्राटे हैं तो डॉक्टर दिखाएं। धूम्रपान-शराब छोड़ें: ये दिल की नसों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं। रूटीन चेकअप: हर साल BP, शुगर और कोलेस्ट्रॉल चेक करवाएं। अगर फैमिली हिस्ट्री है तो जल्दी शुरू करें। हार्ट अटैक से मौत की यह खबर भी पढ़िए… 9 साल की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत, VIDEO:राजस्थान के स्कूल में खेलते समय गिरी; बड़े भाई की भी ऐसे ही जान गई थी राजस्थान के नागौर के प्राइवेट स्कूल में 9 साल की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह ग्राउंड में खेलते समय गिर गई थी। स्कूल स्टाफ उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर) 9वीं क्लास की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत, स्कूल में बिगड़ी तबीयत, दो साल पहले हुई थी सर्जरी जालोर के प्राइवेट स्कूल में 13 सितंबर 2025 को 9वीं क्लास की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। छात्रा की 2 साल पहले भी सर्जरी हुई थी। (पढ़ें पूरी खबर)


