राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा जारी है। शनिवार को बारां जिले के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय छीपाबड़ौद में बोर्ड परीक्षा के दौरान एक छात्रा की अचानक तबियत बिगड़ गई। बोर्ड सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने तुरंत अधिकारियों से बात कर उसे चिकित्सा सहायता दी। जानकारी के अनुसार, छात्रा परीक्षा कक्ष में बैठकर प्रश्नपत्र हल कर रही थी, तभी उसका ब्लड प्रेशर कम हो गया। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों ने तुरंत स्थिति को संभाला और राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के कंट्रोल रूम पर सूचना दी। उस समय बोर्ड सचिव गजेंद्र राठौड़ कंट्रोल रूम में बैठकर परीक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे थे। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत संबंधित एसडीएम से दूरभाष पर संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया और आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की। सूचना के बाद उपखण्ड अधिकारी अभिमन्यू सिंह कुंतल और तहसीलदार सुरेन्द्र गुर्जर ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक चिकित्सा प्रबंध सुनिश्चित किए। स्कूल में तत्काल डॉक्टर को भेजा गया। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सीता राम गोयल भी विद्यालय पहुंचे। चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार प्रदान करने से छात्रा की स्थिति में शीघ्र सुधार हुआ। अधिकारियों ने छात्रा के स्वास्थ्य की पूरी निगरानी सुनिश्चित की और उसे आवश्यक आराम उपलब्ध कराया। बोर्ड ने छात्रा को उपचार के बाद परीक्षा पूर्ण करने के लिए अतिरिक्त समय भी प्रदान किया, ताकि उसकी शैक्षणिक हानि न हो। बोर्ड प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा अवधि में सभी केंद्रों पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।


