अशोकनगर जिले में 12वीं बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। पहले दिन कक्षा 12वीं के छात्रों द्वारा अंग्रेजी का पेपर हल किया जा रहा है। जिलेभर में कुल 7660 छात्र-छात्राएं यह परीक्षा दे रहे हैं। इनमें 6837 नियमित और 823 स्वाध्यायी विद्यार्थी शामिल हैं। सुबह से परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की एंट्री शुरू हुई, जिसके बाद 8:45 बजे तक केंद्रों पर काफी भीड़भाड़ देखी गई। कई केंद्रों पर जैमर से मोबाइल नेटवर्क बंद किया
सभी परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की कड़ी चेकिंग के बाद ही उन्हें परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया। जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां विशेष इंतजाम किए गए हैं। कुछ विद्यालयों में मोबाइल फोन नेटवर्क के प्रयोग को रोकने के लिए जैमर का भी उपयोग किया गया। जिससे सेंटर के आसपास मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करेगा। जिले में 5 अति संवेदनशील केंद्र पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात
परीक्षाओं के लिए जिले में 5 अति संवेदनशील और 4 संवेदनशील परीक्षा केंद्र चिह्नित किए गए हैं। नई सराय, मल्हारगढ़, राजपुर और कचनार में संवेदनशील केंद्र हैं। वहीं, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल अशोकनगर, शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल ईसागढ़, मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल मुंगावली, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल चंदेरी और मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल अशोकनगर को अति संवेदनशील केंद्र माना गया है। इन केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। 9 उड़नदस्ता टीमें करेंगी केंद्रों का औचक निरीक्षण
नकल रोकने और आकस्मिक निगरानी के लिए जिले में 9 उड़नदस्ता टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का दौरा कर अचानक जांच करेंगी। अशोकनगर में 3, मुंगावली में 2, चंदेरी में 2 और ईसागढ़ में 2 उड़नदस्ता टीमें बनाई गई हैं। परीक्षा केंद्र में किसी भी तरह के गैजेट्स ले जाने की अनुमति नहीं है।


