बोर्ड परीक्षाओं के दौरान यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का मंगलवार को निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों के बाहर और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है, ताकि छात्रों को निर्बाध और सुरक्षित आवागमन मिल सके। परीक्षा अवधि को देखते हुए रांची नगर क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती अब सुबह 9 बजे के बजाय 8 बजे से ही की जा रही है। ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को सुचारु यातायात, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को समय से परीक्षा केंद्र पर छोड़ें और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें, ताकि जाम और अव्यवस्था से बचा जा सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक), स्थानीय थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। इसलिए बदला ट्रैफिक ड्यूटी का समय शहर में 45 ट्रैफिक पोस्ट हैं, जहां 350 से अधिक ट्रैफिक पुलिस व जवान तैनात किए गए हैं। शहर में रोज 300 से अधिक स्कूल बसें चलती हैं। स्कूलों में क्लास सुबह 7.30 बजे से 9.30 बजे शुरू होती है और इनके छुट्टी का समय दोपहर एक बजे से 3.30 बजे के बीच है। शहर में इसी समय सबसे अधिक जाम लगता है, इसलिए सुबह 8 बजे से ट्रैफिक जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इससे जहां भी जाम लगेगा, ड्यूटी पर जवान तत्काल उसे हटाते हुए आवागमन सुचारू रूप से बनाए रखेंगे।


