नदबई में सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 10वीं की एक छात्रा एडमिट कार्ड न मिलने से बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन एग्जाम नहीं दे पाई। जिसके बाद छात्रा और उसके माता-पिता सदमें हैं। छात्रा के पिता ने हाथ जोड़कर भावूक होते हुए स्कूल प्रशासन से एडमिट जारी करने की मांग की है। अटेंडेंस कम बताकर नहीं दिया एडमिट कार्ड दरअसल, नदबई की रहने वाली साधना कपूरी देवी सूरजमल जगवायन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल की 10वीं क्लास में पढ़ती है। गुरुवार से उसकी बोर्ड परीक्षा शुरू हुई, लेकिन जब वो अपने माता-पिता के साथ एडमिट कार्ड लेने पहुंची तो स्कूल स्टाफ ने उसे एडमिट कार्ड देने से मना कर दिया। परिजनों का आरोप है कि, स्कूल के प्रिंसिपल मुकेश गोयल ने यह कहकर छात्रा को वापस भेज दिया कि उसकी अटेंडेंस पूरी नहीं है, इसलिए एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। छात्रा ने बीमार होने की वजह से ली थी छुट्टी छात्रा के पिता गौरीशंकर ने बताया- उनकी बेटी का पिछले साल जुलाई में पथरी का ऑपरेशन हुआ था, जिसके चलते वो करीब एक महीने तक स्कूल नहीं जा सकी। इस संबंध में स्कूल में लिखित एप्लीकेशन भी दी थी। परिजनों का कहना है कि बीमारी की सूचना और एप्लीकेशन देने के बावजूद स्कूल स्टाफ ने मानवता नहीं दिखाई और परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण समय पर एडमिट कार्ड नहीं दिया। एसडीएम ने समाधान के दिए निर्देश परेशान छात्रा अपने माता-पिता के साथ एसडीएम सचिन यादव के पास पहुंची और लिखित शिकायत सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। टीसी को लेकर एप्लीकेशन दी थी एसडीएम के निर्देश के बाद सीबीईओ ने मामले की जांच कराई, तो सामने आया कि, छात्रा की तरफ से 9 फरवरी को टीसी को लेकर एप्लीकेशन दी गई, जिसके आधार पर टीसी काट दी गई। जिसके कारण प्रवेश पत्र जारी नहीं हुआ। वहीं छात्रा ने कहा कि, मेरी अटेंडेंस कम थी, तो मैने टीसी के लिए एप्लिकेशन दी, लेकिन टीचर और प्रिंसिपल ने बोला कि आपकी टीसी 2 महीने बाद कटेगी और हमको कोई टीसी नहीं दी प्रिंसिपल का बयान इस संबंध में जब स्कूल के प्रिंसिपल मुकेश गोयल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस मामले में वो कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने छात्रा के माता-पिता से परीक्षा प्रभारी से संपर्क करने की बात कही।


