बोर्ड परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी पर भड़के विद्यार्थी

भास्कर न्यूज | कवर्धा छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। बीते वर्ष 460 रुपए शुल्क लिए थे, जो इस बार बढ़ाकर 860 रुपए कर दिए हैं। इसे लेकर छात्र राजनीति गरमा गई है। शुल्क वृद्धि के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने मोर्चा खोल दिया है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का सांकेतिक घेराव कर दिया। जिला अध्यक्ष शितेष चंद्रवंशी के निर्देश पर शहर अध्यक्ष हरदीप पात्रे के नेतृत्व में कार्यकर्ता डीईओ ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के सामने फीस वृद्धि को लेकर छात्रों को आ रही समस्या से अवगत कराया। साथ ही शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्यकर्ताओं ने बढ़ी हुई परीक्षा फीस को तत्काल वापस लेने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपते हुए एनएसयूआई शहर अध्यक्ष हरदीप पात्रे ने कहा कि बोर्ड परीक्षा शुल्क में की गई वृद्धि अचानक और बेतहाशा है। आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण और गरीब परिवार पहले से ही महंगाई से जूझ रहे हैं। ऐसे में परीक्षा शुल्क बढ़ाकर सरकार सीधे छात्रों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। अभिभावकों में भी नाराजगी: शहर के कुछ अभिभावकों ने भी अनौपचारिक तौर पर फीस वृद्धि पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि पहले से स्कूल फीस, किताबें और अन्य खर्च बढ़े हुए हैं। ऐसे में बोर्ड परीक्षा शुल्क में वृद्धि अतिरिक्त बोझ है। अब देखना है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल बढ़ी हुई फीस वापस लेता है या नहीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *