भास्कर न्यूज| अंबागढ़ चौकी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुल्क में की गई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में एनएसयूआई जिला मोहला-मानपुर अंबागढ़ चौकी ने मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा बोर्ड परीक्षा शुल्क को 460 रुपए से बढ़ाकर 800 रुपए और नामांकन शुल्क को 80 से बढ़ाकर 200 रुपए व अनियमित छात्रों का 1200 का 2000 करना गरीब व मध्यमवर्गीय छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। भाजपा सरकार की छात्र विरोधी सोच के खिलाफ एनएसयूआई ने हल्ला बोल। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के आवाहन पर व जिला अध्यक्ष मनीष साहू के नेतृत्व पर अंबागढ़ चौकी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश सिन्हा की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विकास खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से प्रदेश के शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई फीस तत्काल वापस लेने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते हुए एनएसयूआई जिला अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा मण्डल द्वारा परीक्षा शुल्क में की गई वृद्धि पूरी तरह से अनुचित और अप्रत्याशित है। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और गरीब परिवारों के लिए यह शुल्क चुकाना मुश्किल हो रहा है। शिक्षा को सुलभ बनाने के बजाय सरकार छात्रों पर आर्थिक बोझ डाल रही है, जिससे विद्यार्थियों में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। यदि शासन ने इस जनविरोधी निर्णय को वापस नहीं लिया, तो एनएसयूआई छात्र हितों के लिए उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश सिन्हा, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष झरनेश कुंभकार, उपाध्यक्ष महेंद्र कुंभकार , संगठन प्रभारी योगेंद्र रामटेके, जिला महासचिव जुनैद खान, गोपीचंद सिन्हा, हिमांशु मेश्राम, विजय यादव, सोनू कुरैशी,साहिर कुरैशी, सौरभ मिलिंद मौजूद थे।


