लुधियाना| अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हैबोवाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को भारी मात्रा में अवैध शराब और एक बोलेरो पिकअप गाड़ी सहित गिरफ्तार किया है। सब-इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि एक बोलेरो पिकअप में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महावीर एन्क्लेव स्थित हैदर कॉलोनी टी-पॉइंट पर नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर बाद संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोका गया। तलाशी के दौरान गाड़ी से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई, जिसमें 60 पेटियां रॉयल स्टैग, 5 पेटियां चंडीगढ़ मार्का और 50 लीटर देसी शराब शामिल है। पुलिस ने शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान कृष्णा निवासी गांव भामिया कलां और कन्हैया कुमार निवासी विजय नगर, लुधियाना के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे शहर के किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।


