ऑनलाइन ठगी की वारदातों को लेकर बौंली थाना पुलिस एक्शन में है। बौंली थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में लगभग 20 माह से फरार चल रहे आरोपी राजेंद्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते में एक करोड़ से अधिक के ट्रांजैक्शन की पुष्टि हुई है। यह करवाई SP ममता गुप्ता के निर्देशन में SHO राधारमण गुप्ता ने अंजाम दी। SHO राधारमण गुप्ता ने बताया कि 8 अप्रैल 2022 को सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बौंली थाना पर ऑनलाइन ठगी को लेकर प्रकरण दर्ज करवाया था। प्रकरण में आरोपी महेंद्र को उसी समय गिरफ्तार किया गया था। आरोपी महेंद्र के खाते से भी 96 लाख से अधिक के लेनदेन की पुष्टि हुई थी। प्रकरण में एक और नामजद आरोपी राजेंद्र पुत्र हरिमोहन मीणा निवासी पीपलवाड़ा फरार चल रहा था।बौली थाना पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर टीम का गठन किया। SHO राधारमण गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने पीपलवाड़ा गांव में कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेंद्र मीणा को गिरफ्तार किया। आरोपी राजेंद्र के खाते में एक करोड़ से अधिक के लेनदेन की पुष्टि हुई है। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक दोनों आरोपी टेलीग्राम पर चैनल बनाकर लोगों को टिप्स देकर ऑनलाइन ठगी करते थे। थाना पुलिस के मुताबिक ट्रांजैक्शन राशि की जांच साइबर टीम द्वारा की जा रही है। पुलिस के मुताबिक अनुसंधान के बाद ही ठगी की राशि का खुलासा हो सकेगा।बहरहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने के प्रयास में जुटी हुई है। SHO राधारमण गुप्ता ने बताया कि ऑनलाइन ठगी की वारदातों को लेकर IG भरतपुर रेंज के निर्देशन में ऑपरेशन एंटी वायरस चलाया जा रहा है जिसके तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इनपुट-आशीष मित्तल।


