फर्जी आधार कार्ड से ट्रैक्टर खरीदकर उसके पैसे चुकाये बगैर खुर्द-बुर्द करने के मामले में बौंली थाना पुलिस ने आरोपी जीतराम मीणा (32) पुत्र नाथूलाल मीणा निवासी मण्डावरी थाना दौसा को भाड़ौती से गिरफ्तार किया है। बौंली थानाधिकारी राधारमण गुप्ता ने बताया कि 15 मार्च 2023 को नारायण मीणा निवासी बड़ा गांव सरवर ने बौंली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें नारायण ने बताया कि 2022 में आरोपी चेतन मीणा निवासी ओलवाड़ा, दिनेश मीणा निवासी खिरनी
व राजेश मीणा निवासी मण्डावरी ने उसके फार्मट्रैक ट्रैक्टर का 8 लाख 32 हजार रुपए मे सौदा किया और 1 लाख 28 हजार रुपए दे दिए। बाकी 7 लाख 4 रुपए बाद में देने का वादा किया, लेकिन आरोपियों ने यह राशि नहीं चुकाई। आरोपियों ने ट्रैक्टर को भी खुर्द बुर्द कर दिया। मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि यह सौदा आरोपी धर्म सिंह पुत्र रामखिलाड़ी मीणा निवासी श्यामपुरा खुर्द थाना मण्डावरी ने आरोपी जीतराम मीणा के कहने पर इस ट्रैक्टर को अपनी पहचान छुपाकर चेतन नाम से खरीदा था। मामले में धर्म सिंह मीणा को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।आरोपी जीतराम मीणा करीब डेढ साल से फरार था। आरोपी से पुलिस पूछताछ में अन्य वारदाते भी खुलने की संभावना है।


