ब्यावर पहुंची कर्नाटक पुलिस की विशेष टीम:ज्वेलरी चोरी मामले को लेकर सर्राफा बाजार में की पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज खंगाले

नवंबर 2025 में हुई एक ज्वेलरी शॉप चोरी के मामले की जांच के लिए कर्नाटक पुलिस की एक विशेष टीम राजस्थान के ब्यावर पहुंची है। यह मामला कर्नाटक के रॉबर्ट सोनपेट सर्किल, केजीएफ थाना क्षेत्र से संबंधित है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक आभूषण दुकान से लाखों रुपए के जेवरात चुराए थे। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि चोरी का कुछ माल ब्यावर शहर में बेचा गया है। इसी सूचना के आधार पर कर्नाटक पुलिस टीम ब्यावर थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त जांच शुरू की। खरीद-फरोख्त से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले
जांच टीम ने शहर के सर्राफा बाजार में व्यापारियों, संदिग्ध खरीदारों और बिचौलियों से पूछताछ की है। खरीद-फरोख्त से संबंधित बिल, रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। चोरी के जेवरों की बरामदगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के उद्देश्य से संबंधित दुकानों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान संदिग्ध लेन-देन और सोने-चांदी की खरीद के दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। एक ज्वैलर को नोटिस जारी
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी का माल किन माध्यमों से ब्यावर तक पहुंचा और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। अभी तक की जानकारी के अनुसार, सेन्दड़ा रोड स्थित गणगौर होटल के समीप सौरभ ज्वैलर्स के मालिक सुरेश चंद पुत्र रामलाल सोनी का नाम 100 ग्राम चोरी का सोना खरीदने में सामने आया है। कर्नाटक पुलिस ने उन्हें धारा 94 के तहत नोटिस भी जारी किया है। इसके अलावा ब्यावर के एक अन्य दुकानदार द्वारा भी सोना खरीदने की जानकारी मिली है। बताया गया है कि उस दुकानदार ने बदनामी से बचने के लिए खरीदा गया सोना वापस लौटा दिया है। ज्वैलर के बेटे ने आरोप झूठे बताए
उधर सौरभ ज्वैलर्स के सुरेश कुमार के पुत्र सौरभ ने फोन पर बताया कि हमारे उपर लगाया गया आरोप बेबुनियाद व झूठा है। इस मामले कुछ प्रभावशाली लोग कर्नाटक पुलिस के साथ बैठकर सांठ-गांठ करने की कौशिश में लगे है, लेकिन अभी तक कर्नाटक पुलिस ने किसी को भी गिरफ्तार करने अथवा पी.सी. रिमाण्ड आदि लेने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन अन्य ज्वैलर्स की दुकानों तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल संयुक्त टीम द्वारा शहर में गहन पड़ताल जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *