ब्यावर में पुरानी रंजिश में युवक पर हमला:लाठी-डंडों से किए वार, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

ब्यावर सिटी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उच्च अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। यह घटना शुक्रवार देर शाम बिजयनगर रोड स्थित सेदरिया पुलिया के समीप हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक पर हमला कर दिया। हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
घायल युवक की पहचान रतनपुरा सरदारा निवासी शरीफ काठात पुत्र राजेन्द्र काठात के रूप में हुई है। उसे पहले राजकीय अमृतकौर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाणा और सिटी थानाधिकारी आशुतोष पाण्डे जाप्ते के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। युवक के घायल होने की खबर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल में जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार, शरीफ काठात का किसी व्यक्ति से पहले से विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम वह किसी काम से बिजयनगर रोड पर गया हुआ था, तभी सेदरिया पुलिया के पास दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के आने से पहले ही आरोपी भाग गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *