ब्यावर में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव को लेकर व्यापक उत्साह है। सकल जैन समाज द्वारा महोत्सव की तैयारियां एक माह पहले ही शुरू कर दी गई थीं, जो अब अपने चरम पर हैं। महोत्सव संयोजक समाजसेवी विमल शाह के नेतृत्व में विभिन्न समितियां आयोजन को विशेष रूप देने हेतु सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। महोत्सव के मीडिया प्रभारी प्रकाश जैन ने बताया कि बुधवार सुबह पाली बाजार स्थित श्री शांतिनाथ जैन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। यहां मंदिर में विराजित मूलनायक श्री शांतिनाथ और महावीर स्वामी सहित अन्य प्रतिमाओं के समक्ष महोत्सव पत्रिका अर्पित कर आयोजन की सफलता के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। इस दौरान मंदिर परिसर महावीर स्वामी के जयकारों से गूंज उठा। जुलूस के रूप में पहुंचे गणपति मंदिर
इसके बाद, श्रद्धालु जुलूस के रूप में सूरजपोल गेट स्थित श्री प्रसन गणपति मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान से श्री गजानंद महाराज को प्रथम निमंत्रण अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से आराधना कर महोत्सव की सफलता की कामना की। पूरे क्षेत्र में गणपति बप्पा और महावीर स्वामी के जयकारे सुनाई दिए। संघ कार्यालय का विधिवत शुभारंभ
महोत्सव के सुचारु संचालन हेतु महावीर बाजार स्थित सकल जैन समाज कार्यालय का विधिवत शुभारंभ नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के साथ किया गया। वरिष्ठ श्रावकों की उपस्थिति में हुए इस शुभारंभ के दौरान सम्पूर्ण क्षेत्र “जय जिनेंद्र” एवं नवकार महामंत्र की स्वर लहरियों से गूंज उठा। स्नेह भोज सहयोग का शुभारंभ
कार्यालय शुभारंभ के बाद महोत्सव संयोजक विमल शाह के नेतृत्व में एक विशेष दल ने समाजजनों के घर-घर एवं प्रतिष्ठानों पर जाकर कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा महावीर जन्म कल्याणक के दिन आयोजित स्नेह भोज के लिए सहयोग राशि संग्रह अभियान का शुभारंभ किया। समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहयोग प्रदान करते हुए आयोजन की सराहना की।
महोत्सव को लेकर शहर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास का वातावरण बना हुआ है तथा सकल जैन समाज आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटा हुआ है।


