ब्यावर में मिल रोड-कर्बला मार्ग जर्जर, हादसों का खतरा बढ़ा:30 पंचायतों का मुख्य संपर्क मार्ग, मरीज परेशान; प्रशासन से मरम्मत की मांग

ब्यावर शहर के वार्ड संख्या 10 स्थित मिल रोड-कर्बला मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। यह मार्ग कर्बला, रतनपुरा, सरदारा और बिलातों का बाड़िया को जोड़ता है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग लगभग 30 पंचायतों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से मरीजों को उपचार के लिए अमृतकौर अस्पताल ले जाया जाता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। दोपहिया और चारपहिया वाहन गड्ढों के कारण असंतुलित होकर गिर रहे हैं, जिससे कई लोग चोटिल हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि सड़क किनारे की पट्टियां भी टूटी हुई हैं। एक स्थान पर सड़क के दोनों ओर बनी सेफ्टी दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण वाहन और स्कूली बच्चों के नाले में गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। आगामी होली और मुस्लिम समुदाय के ईद पर्व को देखते हुए इस मार्ग पर आवागमन बढ़ने की संभावना है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाएगा। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की शीघ्र मरम्मत की जाए, गहरे गड्ढों को भरा जाए और टूटी पट्टियों व सेफ्टी दीवार को दुरुस्त किया जाए। क्षेत्रवासियों ने यह भी बताया कि पूर्व में भी संबंधित विभाग को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जिला कलेक्टर से इस समस्या पर शीघ्र ध्यान देने और सड़कों को सुधरवाने का आग्रह किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *