ब्यावर शहर की सरस्वती कॉलोनी पूनम विहार में एक सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के जेवर, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिए। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज कराया है। सरस्वती कॉलोनी पूनम विहार, बकरा फार्म के पीछे निवासी कविता कुमारी बैरवा अपने पति और परिवार के साथ अजमेर रेलवे स्टेशन पर एक रिश्तेदार से मिलने गई थीं। देर रात जब परिवार घर लौटा, तो उन्होंने पाया कि मकान का मुख्य गेट अंदर से बंद था। संदेह होने पर कविता के पति दीवार के ऊपर से घर में दाखिल हुए, जहां उन्हें खिड़की टूटी हुई और घर का सामान बिखरा हुआ मिला।
पीड़िता के अनुसार, चोर मकान की साइड वाली दीवार पर पत्थर लगाकर ऊपर चढ़े और खिड़की तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर सोने की एक जोड़ी टोप्स, लगभग 250 ग्राम चांदी की पायजेब और करीब 20 हजार रुपये नकद चुरा लिए। इसके अतिरिक्त, तीन बैग भी चोरी हुए, जिनमें बैंक पासबुक, चेकबुक, हस्ताक्षरित खाली चेक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात व सामान शामिल थे। कृत्रिम आभूषण और पीतल के बर्तन भी चोर अपने साथ ले गए। घटना के बाद, पीड़िता ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


