भास्कर न्यूज | लुधियाना बैंक खातों से हेराफेरी कर लाखों रुपए निकालने के मामले में एक महिला कर्मचारी पर केस दर्ज हुआ है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शिंगार सिनेमा रोड शाखा के ब्रांच मैनेजर कमलजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अमनदीप कौर 15 मई 2023 से बैंक में कर्मचारी के तौर पर तैनात थी। जांच में सामने आया कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक खातों में हेराफेरी कर धोखाधड़ी के जरिए 37,78,707 रुपए निकाले। मामले का खुलासा 26 अगस्त 2025 को उस समय हुआ जब उस समय के ब्रांच मैनेजर रविंदर सिंह बैंक की जनरल लेजर डे बुक की जांच कर रहे थे। जांच के दौरान 25 अगस्त की एंट्री में 1.50 लाख रुपए की संदिग्ध नकद निकासी सामने आई। इस ट्रांजक्शन से संबंधित कोई वाउचर या अनुमति रिकॉर्ड में मौजूद नहीं थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अमनदीप कौर के खिलाफ आईपीसी की धारा 408 और 420 के तहत थाना डिवीजन नंबर-3 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि यही आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके बाद खातों की विस्तृत जांच की गई तो 4 अगस्त, 11 अगस्त और 19 अगस्त की तीन और संदिग्ध एंट्रियां सामने आईं। आंतरिक जांच के दौरान सीनियर असिस्टेंट अमनदीप कौर ने अपने लिखित बयान में करीब 6 लाख रुपए बिना अनुमति के निकालने की बात स्वीकार की। बाद में उसने अपने खाते में 4 लाख रुपए जमा करवा दिए, जबकि खाते में पहले से मौजूद 2 लाख रुपए और अन्य 6 लाख रुपए पर बैंक ने होल्ड लगा दिया। इसके अलावा उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने अलग-अलग ट्रांजेक्शनों के जरिए करीब 18 लाख रुपए निजी इस्तेमाल के लिए निकाले थे। आंतरिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने बैंक के चार्जेज बीजीएल खातों से रकम डेबिट कर उसे सिस्टम सस्पेंस अकाउंट में ट्रांसफर किया और वहां से नकद निकासी कर ली। इन ट्रांजेक्शनों के लिए न तो कोई बिल बनाया गया और न ही वाउचर तैयार किए गए। बैंक प्रबंधन के मुताबिक आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक को करीब 37.78 लाख रुपए का नुकसान पहुंचाया है।


