ब्लॉक के स्कूलों में अधूरे पड़े बास्केटबॉल मैदान, तीन वर्षों से नहीं हो रही सार-संभाल

भास्कर न्यूज |किशनगंज ब्लॉक क्षेत्र के 3 स्कूलों में करीब 3 वर्ष पूर्व मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायतों की ओर से बनवाए गए बास्केटबॉल मैदान अब तक अधूरे पड़े हुए हैं। जिससे बास्केटबॉल के खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। अधूरे मैदानों के कारण स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अपना कौशल नहीं दिखा पा रहे हैं। जिससे खिलाड़ियों में मायूसी है। करीब 3 साल पहले कस्बे में स्थित स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल सहित ब्लॉक के बांसथूनी व घट्टी गांव के उच्च माध्यमिक स्कूलों में मनरेगा योजना के तहत बास्केटबॉल मैदान स्वीकृत हुए थे। जिसके बाद इन स्कूलों में संबंधित ग्राम पंचायतों की ओर से 28.7 गुणा 15.2 मीटर में बास्केटबॉल मैदान तैयार भी कराए गए। ग्राम पंचायतों ने तीव्र गति से बास्केटबॉल के खेल मैदान का कोर्ट तो तैयार करवा दिया, लेकिन अब तक ना तो इन मैदानों में बास्केट लगाई गई है और ना ही पूर्ण रूप से तैयार करवाया गया। अधूरे मैदान खिलाड़ियों के बजाय स्कूलों में होने वाले अन्य कार्यक्रमों के लिए काम में लिए जा रहे हैं। कस्बे के मॉडल स्कूल सहित बांसथूनी एवं घट्टी के उच्च माध्यमिक स्कूलों में ग्राम पंचायतों ने मनरेगा योजना के तहत करीब 8-8 लाख रुपए की लागत से बास्केटबॉल मैदान बनाए थे। इन मैदानों पर केवल सीसी करके छोड़ दिया है। ग्राम पंचायत सूत्रों के अनुसार बास्केटबॉल मैदान का अभी तक ग्राम पंचायत को भुगतान नहीं मिला है। ऐसे में ग्राम पंचायत बास्केटबॉल मैदान को तैयार करने से कतरा रही है। वहीं ग्राम पंचायतों में वर्तमान में विकास कार्य को लेकर बजट का अभाव भी बना हुआ है। वहीं बीडीओ हर्ष कुमार महावर ने बताया कि ग्राम पंचायतों को निर्देश देकर जल्दी ही स्कूलों में अधूरे पड़े बास्केटबॉल मैदान तैयार करवाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *