नरहरपुर ब्लॉक में यूथ व इको क्लब प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें पोषण वाटिका निर्माण की विधि और प्लास्टिक साक्षरता पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पोषण वाटिका निर्माण और जैविक खेती के विभिन्न पहलुओं पर बीआरजी तुलसीराम सोरी, सियाराम निषाद, जितेंद्र ध्रुव, कुंदन साहू, और पुरुषोत्तम जैन द्वारा जानकारी दी गई। उन्होंने पोषण वाटिका के महत्व, निर्माण प्रक्रिया, बीजामृत, जीवामृत और निमार्क तैयार करने की विधियों का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही, बेड ट्रेंच बनाने और पौधों को उचित दूरी पर लगाने की तकनीक समझाई। प्रशिक्षण में नरहरपुर ब्लॉक के 84 माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर सहायक संचालक समग्र शिक्षा प्रकाश सेन, एपीसी दिनेश नाग, बीआरसी भूपेंद्र गैंगबर, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी क्षमा सोहेल और एसआरजी चंद्रहास सिन्हा ने अपने विचार रखकर शिक्षकों को प्रेरित किया। प्रशिक्षण में माध्यमिक विद्यालय डोंगरीपारा के प्रधानपाठक द्वारा स्थानीय पौधों की उपयोगिता और जैविक खाद तैयार करने की विधि साझा की। उन्होंने अपनी निजी नर्सरी का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके पास 5 हजार पौधे उपलब्ध हैं। इसके अलावा उन्होंने सोयाबीन बड़ी से दूध बनाने की विधि भी सिखाई। इससे शिक्षकों को रचनात्मक और नवाचारी कार्य करने की प्रेरणा मिली।


