भास्कर न्यूज | अलवर ढाई पैड़ी के पास अहिंसा स्थल दिगंबर जैन मंदिर में स्थापित भक्तामर मंदिर व आरोग्य धाम का लोकार्पण शुक्रवार को हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान आदिनाथ के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम आर्यिका आर्षमति माताजी ससंघ के सान्निध्य में हुआ। अहिंसा स्थल के प्रबंधक बच्चू सिंह जैन व अनिल जैन ने बताया कि कार्यक्रम में सुबह श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा और नित्य नियम पूजन हुआ। इसके बाद सुबह 8:35 बजे ध्वजारोहण हुआ। कार्यक्रम में भक्तामर के रचयिता मानतुंगाचार्य की प्रतिमा का अनावरण व पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा बैंड-बाजे के साथ अहिंसा स्थल से शुरू हुई। इसमें महिलाएं कलश लेकर और पुरुष शास्त्र लेकर चल रहे थे। इस अवसर पर आर्यिका आर्षमति माताजी ने कहा कि जैन धर्म में भक्तामर स्तोत्र का अहम स्थान है। इसे ध्यान में रखकर ही भक्तामर मंदिर की स्थापना की गई है। इस मौके पर भक्तामर मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व निशक्तजन आयुक्त खिल्ली मल जैन, प्रदीप जैन कानपुर, विमल जैन (सीए) दिल्ली, प्रदीप जैन एवं प्रिया जैन, संस्थापक अनंत विश्व आध्यात्मिक केन्द्र दिल्ली उपस्थित रहे।


