भक्ति, कथा की मनमोहक प्रस्तुति, राज्य स्तरीय सत्संग में शिवशंकर मंडली प्रथम

भास्कर न्यूज | पोलमी एकल अभियान हरि कथा योजना अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय सत्संग प्रतियोगिता में ग्राम पोलमी की शिवशंकर मानस मंडली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ये प्रतियोगिता राजनांदगांव में आयोजित की गई थी। 23 फरवरी को देर रात हुए समापन कार्यक्रम में पोलमी की टीम को सम्मानित किया गया। शिवशंकर मानस मंडली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से पूरे ग्राम पोलमी में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। यह प्रतियोगिता धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम से आई मंडलियों ने भाग लिया। भक्ति, कथा व सत्संग की मनमोहक प्रस्तुति दी। इन सबके बीच शिवशंकर मानस मंडली ने अपनी सशक्त प्रस्तुति, भावपूर्ण गायन और अनुशासित मंच संचालन से निर्णायकों और उपस्थित श्रोताओं का मन जीत लिया। कार्यक्रम में अंचल समिति, डोंगरगढ़ के अध्यक्ष विरेन्द्र अग्रवाल तथा उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने मंडली को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है। युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहती है। हरि कथा की प्रभावशाली प्रस्तु​ित, मिला प्रोत्साहन मंडली के सदस्यों ने हरि कथा का ऐसा प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया, जिसमें भक्ति, समर्पण और भारतीय संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कथा के माध्यम से सामाजिक एकता, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया गया। दर्शकगण प्रस्तुति के दौरान भावविभोर हो उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से मंडली का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। नैतिक सांस्कृतिक चेतना का संचार बेहद आवश्यक अध्यक्ष विरेन्द्र अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि हरि कथा योजना का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि समाज में नैतिक और सांस्कृतिक चेतना का संचार करना है। उन्होंने शिवशंकर मानस मंडली के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे पोलमी ग्राम के लिए प्रेरणादायक है। उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने भी मंडली के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और भी बड़े स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *