भास्कर न्यूज | अमृतसर रेस कोर्स रोड स्थित इस्कॉन मंदिर में शनिवार रात को ब्रज की फूल होली का उत्सव मनाया गया। इस्कॉन के जिला अध्यक्ष प्रभु इंद्रानुज दास की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों भक्तजन शामिल हुए। पूरा मंदिर परिसर गुलाब की मनमोहक पंखुड़ियों और सुगंधित फूलों से सजकर वृंदावन जैसा प्रतीत हो रहा था। उत्सव के दौरान प्रभु इंद्रानुज दास ने भगवान श्री कृष्ण की पावन लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि ईश्वर केवल प्रेम और भक्ति के भूखे हैं। जब कोई भक्त सच्चे मन से उन्हें पुकारता है, तो प्रभु उसके हर कार्य को सफल बनाने के लिए दौड़े चले आते हैं। उन्होंने कई भक्तों के उदाहरण देकर उपस्थित जनसमूह को प्रभु नाम के साथ जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रात 9:30 बजे रहा, जब नन्हे-मुन्ने बच्चों को श्री कृष्ण और बलराम के स्वरूप में सजाया गया। इन बाल स्वरूपों पर जैसे ही पुष्पों की वर्षा हुई, सारा मंदिर परिसर हरे कृष्णा हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे’ के महामंत्र से गूंज उठा। इस अद्भुत दृश्य को देखकर भक्तजन भाव-विभोर हो उठे और फूलों की होली के आनंद में झूमने लगे। भक्तों ने फूलों की वर्षा कर ठाकुर जी के साथ होली का आनंद लिया। समारोह के अंत में सभी भक्तों को विशेष प्रसादम् भेंट किया गया। कार्यक्रम की दिव्यता इतनी थी कि भक्त गुलाब की पंखुड़ियों को प्रभु के चरणों का प्रसाद मानकर श्रद्धापूर्वक अपने घरों को लेकर गए। ठाकुर जी संग होली खेलते भक्त।


