डूंगरपुर में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के भोइवाड़ा से भगवान शिव की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान शिव और श्रीकृष्ण का वेश धारण किए हुए युवा शामिल हुए। शिवभक्तों ने भोलेनाथ के जयकारों के साथ जमकर नृत्य किया। यह शोभायात्रा भोइवाड़ा स्थित शिव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई। युवाओं और बच्चों ने भगवान शिव तथा श्रीकृष्ण का रूप धारण किया था। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पालकी को कंधों पर उठाया। शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए गेपसागर झील की पाल पर समाप्त हुई। शिव भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे
शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर शिव भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। डीजे पर बज रहे भक्तिपूर्ण शिव भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। इस बार नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान शिव और अन्य पौराणिक पात्रों का रूप धारण किया, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे।
पूरा डूंगरपुर शहर ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा। रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। गेपसागर की पाल पर आरती और दर्शनों के साथ यात्रा का समापन हुआ। जिले के अन्य मंदिरों में भी अभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना का दौर जारी रहा।


