भजन क्लबिंग : युवा शक्ति की भक्ति, संगीत और संस्कृति से जुड़ने की शाम

भास्कर न्यूज| लुधियाना भक्ति, संगीत और संस्कृति से भरी एक खास शाम देखने को मिली, जब सतलुज क्लब में भजन क्लबिंग का सुंदर आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को कीर्ति ग्रोवर, बहार गुप्ता और शालू वर्मा ने मिलकर आयोजित किया। इसका उद्देश्य युवाओं और समाज के हर वर्ग को आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना था। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोग शामिल हुए। परिवारों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक साथ बैठकर भक्ति का आनंद लिया। पूरे वातावरण में श्रद्धा और उत्साह का भाव दिखाई दिया। यह साफ दिखा कि जब भक्ति को नए और सहज रूप में प्रस्तुत किया जाता है तो हर आयु वर्ग उसे अपनाता है। शाम का मुख्य आकर्षण गायक शुजा अजीम रहे। उनकी मधुर आवाज ने सभी को भावविभोर कर दिया। उनके भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। साथ ही बांसुरी वादक रोहन ने अपनी मधुर धुनों से वातावरण को और भी शांत और पवित्र बना दिया। दोनों कलाकारों ने मिलकर ऐसा संगीत प्रस्तुत किया, जिसने लोगों के मन को छू लिया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे और तनाव से दूर रखते हुए उन्हें सही दिशा दिखाना है। आयोजकों का मानना है कि भक्ति केवल मंदिरों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे संगीत और सामूहिक आनंद के साथ भी महसूस किया जा सकता है। उनका प्रयास है कि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़े और जीवन में शांति और सकारात्मक सोच अपनाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *