भरतपुर जिले के कई इलाकों में सोमवार सुबह बादल छाए। ऐसे में न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई है। लोगों को तेज सर्दी से राहत मिली है। सोमवार सुबह ठंडी हवा चली। सुबह 8 बजे तक आसमान में हल्की धुंध छाई रही। खेत में ओस की बूंदें नजर आने से किसानों के चेहरे खिल गए। मावठ और ओस रबी की फसल के लिए फायदेमंद है। जिले के नदबई, रूपवास, रारह सहित कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। कहीं-कहीं हल्की धूप है। सुबह 6 बजे बाहरी इलाकों में कोहरा भी देखने को मिला। रात में अचानक बढ़ी सर्दी के बाद सुबह पेड़ों पर ओस की बूंदें नजर आई। मौसम विभाग ने भरतपुर संभाग के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण अचानक मौसम में बदलाव हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगर बारिश हुई तो ठंडक बढ़ेगी। भरतपुर इलाके के नदबई, रारह में सुबह से बादल छाए रहे तो बयाना और शहरी इलाके में हल्की धूप निकल रही है।


