20वें भरतपुर रेंज पुलिस गेम्स एवं ड्यूटी मीट-2025 का शुभारंभ गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन एडीजीपी बिपिन कुमार पाण्डे ने दीप प्रज्वलित कर किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में भरतपुर रेंज के विभिन्न जिलों से करीब 300 पुलिसकर्मी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भरतपुर रेंज के आईजी कैलाश चंद बिश्नोई ने की। समापन समारोह 28 फरवरी को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होगा, जिसमें आईजी मुख्य अतिथि रहेंगे। मार्च-पास्ट और वृक्षारोपण के साथ हुआ आगाज उद्घाटन समारोह के दौरान मार्च-पास्ट और जनरल सैल्यूट आयोजित किया गया। आईजी ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन का संदेश दिया। इसके बाद फुटबॉल मैदान का औपचारिक उद्घाटन किया गया। सुबह 9:25 बजे पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों और अधिकारियों में उत्साह दिखाई दिया। पांच जिलों की टीमें ले रहीं हिस्सा प्रतियोगिता में भरतपुर, धौलपुर, डीग, करौली और सवाई माधोपुर जिलों की पुलिस टीमें भाग ले रही हैं। भरतपुर – 67 धौलपुर – 67 डीग – 25 करौली – 42 सवाई माधोपुर – 93 तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 30 से अधिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयनित होंगे। 30 से अधिक खेल प्रतियोगिताएं एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि आयोजन में फुटबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, जूडो, ताइक्वांडो और वेटलिफ्टिंग सहित कई प्रतियोगिताएं शामिल हैं। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षक, जिला कलेक्टर कानाराम तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से पुलिसकर्मियों में खेल भावना, टीमवर्क और फिटनेस को बढ़ावा देने का उद्देश्य रखा गया है।


