डीग जिले में नाबालिग बच्चियों के साथ अपराध की घटना थमने का नाम नहीं ले रही। पहाड़ी कस्बे में नाबालिग बालिका का स्कूल के बाहर से अपहरण की घटना को लोग भूल नहीं पाए। उससे पहले ही अब कामां थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आठ वर्षीय बालिका के साथ उसके पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म किया है। जिसे नाबालिग चाचा बोलती थी। यह घटना तब हुई जब युवक ने बालिका को दस रुपये के अमरूद दिलाने के बहाने से घर के पास बने पशु चारे की बुर्जी में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची ने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद परिजनों ने कामां थाने में शिकायत दर्ज कराई। बच्ची का मेडिकल कुम्हेर के अस्पताल में डॉक्टर प्रियंका बघेल ने किया, और उसके बाद उसे भरतपुर के जनाना अस्पताल के लिए रेफर किया गया। नाबालिग बच्ची के पिता घटना के समय घर पर नहीं थे, वह गुजरात में मजदूरी करते हैं। घटना का पता लगने के बाद नाबालिग बच्ची का पिता फट-फूट कर रोने लग गया। रोते हुए घर पहुंची बालिका, परिजनों को घटना के बारे में बताया बच्ची के पिता ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है, जिसमें बताया गया है कि बच्ची 25 दिसंबर को घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान करीब 1 बजे गांव का एक युवक, जिसकी उम्र लगभग 18 साल थी, उसे घर के बाहर से उठाकर ले गया। उसने सुनसान जगह ले जाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। करीब 3 बजे बच्ची रोते हुए घर पहुंची और अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद बच्ची के परिजनों ने कामां थाने में बच्ची से दुष्कर्म की शिकायत दी। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीम गठित डीग एसपी राजेश मीणा ने घटना पर संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से तीन टीमों का गठन किया। पहली टीम थानाधिकारी मनीष शर्मा के नेतृत्व में दूसरी टीम डीएसटी टीम प्रभारी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में तथा तीसरी टीम आई सेल की गठित की गई है। पुलिस ने आरोपी के निवास सहित उसके अन्य ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया है। शर्मा ने कहा- आरोपी की तलाश में दबिश दे रहे हैं “मामले की जांच चल रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी की तलाश में गांव में दबिश की कार्रवाई की है, लेकिन आरोपी घटना के बाद से फरार है।” -मनीष शर्मा, थानाधिकारी कामां।


