राजधानी के बैरनबाजार स्थित आशीर्वाद भवन में रविवार को देशभर से आए 22 दिव्यांग जोड़ों ने सात फेरे लिए। अखिल भारतीय विकलांग चेतना परिषद व कई सहयोगी संस्थाओं द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पैर से दिव्यांग जोड़े रायबरेली के 35 वर्षीय मोनू कुमार और भाटापारा की 27 वर्षीय शिक्षिका सरस्वती चक्रधारी ने सात वचन के साथ परिणय सूत्र में बंधे। दिव्यांगता के कारण जब वे सात फेरे नहीं ले सके तो उन्हें संस्था के सदस्यों ने गोद में उठाकर फेरे कराए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।


