भागीरथपुरा में जन्मदिन-पार्टी के बाद 30 से ज्यादा मेहमान बीमार:दाल-बाफले खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत; चार अस्पताल में भर्ती

इंदौर के भागीरथपुरा की एक गली में एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी उस समय आफत बन गई, जब पार्टी के भोजन के बाद 30 से अधिक लोग पेटदर्द, उल्टी-दस्त के कारण बीमार पड़ गए। राहत की बात यह रही कि फूड पायजनिंग या अन्य कोई गंभीर कारण नहीं है और सभी ठीक हैं। शनिवार को भागीरथपुरा की शुक्ला गली में आकाश मुक्शिया के बेटे का जन्मदिन मनाया गया था। इस मौके पर रिश्तेदारों और परिचितों को आमंत्रित किया गया था। मेन्यू में दाल-बाफले, आलू की सब्जी सहित अन्य व्यंजन परोसे गए। पार्टी के बाद रविवार सुबह कई मेहमानों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिसके बाद वे अलग-अलग निजी और सरकारी क्लिनिकों में इलाज के लिए पहुंचे। फिर एक-एक कर कुछ देर बाद ही डिस्चार्ज कर दिया गया। नजजीकी लोगों के मुताबिक बताया कि घर पर ही खाना बनाया गया था और करीब 40 से अधिक मेहमानों ने भोजन किया था। मेहमानों में कुछ लोग कुलकर्णी नगर, बाणगंगा, एमआर-10 आदि क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनमें से दो लोगों ने आज सुबह भागीरथपुरा सरकारी डिस्पेंसरी में दिखाया लेकिन उन्हें एडमिट करने की जरूरत नहीं पड़ी। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और खाद्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाद्य विभाग ने भोजन के सैंपल लिए हैं, जबकि नगर निगम द्वारा पानी के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। अन्य मरीजों के बारे में विभाग के पास फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। परिवार के मुखिया आकाश ने बताया कि अभी सिर्फ चार मरीज एमवाय अस्पताल में एडमिट हैं और उनकी हालत भी अच्छी है। एडमिट चार लोगों में दो भाई-बहन
एमवाय अस्पताल में जो चार लोग एडमिट हैं उनके नाम निकिता पिता नंदू (18), हर्षिता पिता श्याम (19), पायल पिता हीरालाल (17) और आर्यन (18) हैं। इनमें पायल और आर्यन भाई-बहन हैं। ये सभी महादेव नगर, नई सब्जी मंडी के निवासी हैं और उनकी हालत ठीक है। कुछ नागरिकों की तबीयत खराब होने की सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हासानी ने स्पष्ट किया है कि सभी 6 नागरिकों का स्वास्थ्य वर्तमान में पूरी तरह सामान्य एवं ठीक है।
डॉ. हासानी ने बताया कि रविवार को कुछ लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्या सामने आई। प्रभावित व्यक्तियों का उपचार किया गया तथा एहतियात के तौर पर उन्हें एम.वाय.अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की गंभीरता नहीं है।
कोई भी गंभीर बीमार नहीं
आकाश ने बताया कि मेरी पत्नी, भाई और भाभी भी बीमार हैं। उन्हें संजीवनी क्लिनिक पर इलाज के लिए लेकर गए थे। उनका कहना है कि कोई भी गंभीर बीमार नहीं है। सभी के हालत में सुधार है। सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि पेट दर्द की शिकायत लेकर संजीवनी क्लिनिक पर दो-तीन मरीज पहुंचे थे। जिनका उपचार किया गया।
पार्षद बोले-परिवार का निजी कार्यक्रम था, नर्मदा सप्लाय नहीं है वहां
स्थानीय पार्षद कमल वाघेला ने बताया कि यह आकाश के परिवार का निजी कार्यक्रम था। इसमें 48 लोग शामिल हुए थे जिनमें से अधिकांश दूसरे क्षेत्र के रहने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। सरकारी डिस्पेंसरी भी 24 घंटे खुली है। जिस गली में कार्यक्रम था वहां अभी नर्मदा सप्लाय नहीं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *