भास्कर न्यूज | बेमेतरा भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने संगठन विस्तार को लेकर अहम निर्णय लिया है। जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने घोषणा की कि अब जिला कार्यकारिणी में समाज के हर वर्ग की योग्य, संस्कारी और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित महिलाओं को ससम्मान स्थान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीति में बंद दरवाजों की परंपरा को तोड़ते हुए महिला मोर्चा नेतृत्व को योग्यता, निष्ठा और समर्पण के आधार पर आगे बढ़ाएगा। यह बदलाव का समय है। जो महिलाएं राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन केवल पद वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सक्रिय नेतृत्व तैयार करेगा। पार्टी की रीति-नीति को समझने, समाज के बीच कार्य करने और बूथ स्तर तक सक्रिय रहने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन विस्तार अभियान की जिम्मेदारी पिंकी नेमा और सावित्री रजक को जिला प्रभारी के रूप में सौंपी गई है। दोनों प्रभारी एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं, व्यावसायिक उपक्रमों और सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं से संपर्क कर उनकी विचारधारा जानेंगी और बायोडाटा संकलित करेंगी। जिला अध्यक्ष ने कहा कि जिन महिलाओं का पूर्व में कोई राजनीतिक दायित्व नहीं रहा है, लेकिन वे अपना समय, अनुभव और पेशेवर कौशल संगठन को देना चाहती हैं, उन्हें भी कार्यकारिणी में उचित सम्मान के साथ स्थान दिया जाएगा। महिला मोर्चा का लक्ष्य हर ग्राम, वार्ड और बूथ स्तर पर सक्रिय महिला नेतृत्व तैयार करना है।


