कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर की ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में मृतक ट्रॉली के नीचे दब गया था। मृतक की पहचान अर्जुनपुरा निवासी नरेश सोलंकी (30) के रूप में हुई है। नरेश अपने गांव अर्जुनपुरा से खेत में उगे आलू ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर सब्जी मंडी ले जा रहे थे। ट्रैक्टर उनके पिता चला रहे थे, जबकि नरेश ट्रॉली में आलू की बोरियों के ऊपर बैठा हुआ था। यह हादसा अर्जुनपुरा स्थित तुलसी रिजॉर्ट के पास उस समय हुआ, जब अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली पलटते ही नरेश उसके नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया। एमबीएस अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया। मृतक के दोस्त कंवर चौधरी ने बताया कि नरेश सोलंकी भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे और बोरखेड़ा मंडल में मंत्री पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलने पर बोरखेड़ा थाना पुलिस एमबीएस अस्पताल पहुंची, शव को पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट कराया और कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।


