भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर ने मंगलवार को पदभार संभाल लिया है। वे आज (मंगलवार) सुबह पार्टी दफ्तर पहुंचे, जहां कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने स्वागत किया। विधायक कंचन तनवे, छाया मोरे और मंत्री विजय शाह भी पहुंचे। उन्होंने तोमर को शॉल, श्रीफल देकर माला पहनाई। इस दौरान चिचगोहन मंडल से करीब 300 कार्यकर्ता पहुंचे। सुबह से शुरू हुआ स्वागत कार्यक्रम दोपहर 2 बजे तक चलता रहा। राजपाल सिंह ने पत्रकारों से प्रेसवार्ता किया। संगठन स्तर से मिले कार्यक्रमों को धरातल पर उतारेंगे प्रेसवार्ता के दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजपालसिंह तोमर ने कहा कि वे पार्टी संगठन से मिले प्रत्येक कार्यक्रम को धरातल पर उतारेंगे। जिले में अब तक हुए चुनावों में भाजपा को 100% जीत मिली है, यह रिकॉर्ड आगे भी कायम रहेगा। इस जीत के आंकड़े को 101% तक लेकर जाएंगे। इस दौरान तोमर ने भाजपा नेता अमर यादव को बुलाकर अपने पास बैठाया। सेवादास पटेल बोले- दायित्व बदला है, कार्यकर्ता रहूंगा इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल ने कहा कि पार्टी हाईकमान की नीति-रीति और संविधान के मुताबिक 5 साल बाद संगठन चुनाव हुए हैं। जिलाध्यक्ष का दायित्व कल तक मेरे पास था, उससे पहले हरिश कोटवाले के पास था और अब राजपालसिंह तोमर के पास आ गया है। दायित्व इधर से उधर शिफ्ट हुआ है। मैं पहले भी पार्टी का कार्यकर्ता था और आगे भी रहूंगा। जो दायित्व मिलेगा उसे निभाऊंगा। पटेल ने तोमर को लेकर कहा कि वे और ज्यादा बेहतरी से काम करेंगे। तोमर ने जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए सत्ता का कामकाज भी देखा है। इसलिए वे सत्ता और संगठन में बेहतर समन्वय बना पाएंगे। मेरे कार्यकाल में तोमर ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया, वे पीछे नहीं हटे। अब मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिलेगा। मैं भी पीछे नहीं हटूंगा।


