सीधी भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह चौहान के यौन उत्पीड़न का शिकार युवती सदमे में है। पार्टी ने 20 अप्रैल को सुरेश को तो किक आउट कर दिया, लेकिन युवती ने घर से अकेले आना-जाना बंद कर दिया है। पुलिस ने 21 अप्रैल को भाजपा नेता पर यौन उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज कर लिया, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। दैनिक भास्कर की टीम ने किसी तरह युवती के घर तक पहुंचकर उससे बात की। पहले तो उसने मना कर दिया, लेकिन जब उसे समझाया, तो वो आपबीती बताने को तैयार हो गई। युवती ने जो बताया, उसे पढ़ने से पहले भाजपा नेता की प्रोफाइल जान लीजिए …. राजनीति की शुरुआत 2016- भारतीय जनता पार्टी के सैनिक प्रकोष्ठ में जिला अध्यक्ष बना। 2018- किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहा। 2024- भाजपा का जिला उपाध्यक्ष बना। (वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान का करीबी है। उन्हीं के कार्यकाल में जिला उपाध्यक्ष बनाया गया।) पढ़िए, पूरी घटना जो उस दिन भाजपा नेता ने की ‘सीधी में किराए के एक कमरे में रहती हूं। 18 अप्रैल की रोज करीब 10:30 बजे ऑफिस पहुंच गई थी। साहब ने मुझे कुछ जरूरी काम उसी दिन पूरा करने को कहा था। बहुत गर्मी थी उस दिन। काम करते-करते समय का अंदाजा ही नहीं रहा कि कितने बज गए। घड़ी में देखा तो डेढ़ बज रहे थे। सोचा, लंच कर लेती हूं, पर लगा डेस्कटॉप पर जो काम अधूरा है, उसे पूरा कर लंच कर लूंगी। मेरी बॉटल का पानी भी खत्म हो गया था। उठी और बाहर के कमरे से वाटर कूलर से पानी लेकर आ गई। अपनी कुर्सी पर बैठकर एक-दो घूंट पानी पीया। 10 मिनट ही हुए होंगे, इतने में भाजपा नेता सुरेश सिंह बिना किसी आहट के ऑफिस के अंदर आ गया। कुछ समझ पाती, इससे पहले ही वो मेरे पास रखी कुर्सी पर बैठ गया। मैं सहम सी गई, अंदर से कांप भी रही थी। कुछ पूछती, उससे पहले ही उसने टेबल पर रखी पानी की बॉटल की तरफ हाथ बढ़ाते हुए कुछ अजीब सा इशारा किया। मुझे लगा कि धूप से आया है, पानी मांग रहा है। मैंने सिर हिलाते हुए बॉटल उठाई और ढक्कन खोलने के बाद उसकी तरफ बढ़ा दी। लेकिन, उसके मन में खोट था। उसने बॉटल लेने के बजाय मेरा हाथ पकड़ लिया। झल्लाते हुए मैं खड़ी हो गई। वो कहने लगा, ‘मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं।’ यह सुनते ही डर गई। कुर्सी से उठी और उसकी बात को अनसुना करते हुए दूसरे कमरे में जाने मुड़ी। उसने पीछे से मेरा बायां हाथ पकड़ लिया। ताकत से अपनी तरफ खींचने की कोशिश की। मैंने भी जोर लगाया और अपने आपको उससे छुड़ाकर दूसरे कम्प्यूटर रूम में भाग गई। अपने आपको अंदर से लॉक कर लिया। पूरा शरीर पसीने से भीग गया था। उस रूम में अवाक सी खड़ी थी। सोच रही थी कि ये क्या हो गया। ऐसा होगा कभी सपने में भी नहीं सोचा था। कान सुन्न से हो गए थे। थोड़ा संभली, तो उस गुंडे के चिल्लाने की आवाज आ रही थी। वो कह रहा था, ‘ मेरा नाम सुरेश चौहान है, अच्छी तरह से समझ लेना। किसी से कुछ कहा, तो जिंदगीभर के लिए अच्छा नहीं होगा।’ धमकी देता हुआ सुरेश बाहर चला गया। उसी वक्त आवाज सुन दूसरे कमरे में अपना काम कर रहा एक और कर्मचारी बाहर आ गया था। उसके जाते ही मैं दूसरे रूम से बाहर आई। मेरी चीख सी निकल गई, रोने लगी। रोते हुए सुरेश ने जो मेरे साथ किया था, वो बताया। उसने हिम्मत दी, ढांढस बंधाया। उसने हमारे बॉस को फोन लगाया। पहले उसने बात की फिर मुझे मोबाइल दिया। मैंने पूरी बात उन्हें बताई। उसी रात अपने माता-पिता को सब बताया। उन्होंने पुलिस थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने की कहा। अगले दिन में सीधी की सांसद रीती पाठक से मिली। उन्हें उनकी पार्टी के नेता की करतूत के बारे में बताया। उन्होंने भी मुझसे पुलिस में शिकायत करने के लिए कहा। अब तो मुझे घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है। ऑफिस की गाड़ी मुझे लेने और छोड़ने तो आती है, लेकिन वहां मुझे खौफ सा लगता है। कहते हैं कि किसी को पानी पिलाने से पुण्य मिलता है। मैंने तो उसे ऐसी भीषण गर्मी में पानी पीने दिया था। लेकिन, उसने जो किया, उसे क्या कहा जाए…। जो मेरे साथ हुआ, वो डरा रहा है। रात में भी बेचैन हो अचानक से सोते से नींद खुल जाती है। कुछ समझ नहीं पा रही हूं। क्या करूं। पुलिस में शिकायत तो कर दी है, वो सरकार में ऊंची पहुंच वाला नेता है। अब यही सोचती हूं कि क्या मुझे जल्द न्याय मिल पाएगा?’ लड़की से बात करने के बाद हमने उसके ऑफिस इंचार्ज से बात की तो उसने कहा, उस वक्त जब घटना हुई, तब मैं बैढ़न गया था। अगले दिन ऑफिस आकर सीसीटीवी फुटेज देखे। इसके बाद पीड़ित को थाने लेकर पहुंचा। उस दिन के बाद से उसे ऑफिस लाने और उसके कमरे तक छोड़ने के लिए अपनी गाड़ी भेज रहा हूं। लड़की अभी भी डरी हुई है। भाजपा नेत्री ने लिखा- जो हो रहा है, वह शर्मनाक
19 अप्रैल को सीधी की ही भाजपा नेत्री नीलम पांडेय ने सोशल मीडिया पर लिखा– ‘आजकल जो हो रहा है, वह शर्मनाक है। उससे भी शर्मनाक है जिम्मेदारों की चुप्पी। अब तो अति हो रही है। कार्यालय जाने में भय लगता है।’ इस पर भाजपा नेता बद्री मिश्रा ने भी कमेंट किया है। इसी मैसेज के बाद 20 अप्रैल को भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह ने लेटर जारी किया। इसमें लिखा, ‘सीधी के भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह द्वारा अशोभनीय कृत्य किया गया है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। इस कारण भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की ओर से सुरेश सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी की सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।’ डीएसपी ने कहा- जांच के बाद होगी गिरफ्तारी डीएसपी गायत्री तिवारी ने बताया, सुरेश सिंह चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला के शील भंग करने के इरादे से उस पर आपराधिक बल का प्रयोग), 75 (यौन उत्पीड़न) और 351 (2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। यह भी पढ़ें… भाजपा नेता पर छेड़छाड़ का आरोप, पार्टी से निष्कासित सीधी भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह पर एक युवती ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। मामला तब सामने आया जब भाजपा नेत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा। उन्होंने कहा कि अब तो कार्यालय जाने में डर लगता है। घटना शुक्रवार की है। हालांकि थाने में इसकी शिकायत नहीं की गई है। रविवार को पार्टी ने सुरेश सिंह को निष्कासित कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर


