छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक भाजपा नेता ने ही दूसरे भाजपा नेता की हत्या की सुपारी दी थी। इसके लिए 25 लाख रुपए में सौदा तय हुआ और 6 लाख रुपए एडवांस भी दिए। पुलिस के इस खुलासे के बाद दैनिक भास्कर ने भाजपा नेता बंधु मौर्य से बातचीत की, जिनकी हत्या की सुपारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि दुकान खाली कराने के विवाद को भाजपा नेता और अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राजू सोनकर ने इतना बड़ा रूप दे दिया और हत्या कराने तक की साजिश रच ली। बंधु मौर्य ने यह भी आरोप लगाया कि राजू सोनकर नारियल बेचने की आड़ में गांजा तस्करी करता था। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण उन्होंने उसे दुकान खाली करने को कहा था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए राजू सोनकर की संपत्ति की जांच कराने की भी मांग की है। देखिए पहले ये तस्वीरें- अब पढ़िए सिलसिलेवार पूरी कहानी दरअसल, पुलिस ने राजकिशोर नगर के सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से ज्वेलरी लूटकांड के आरोपियों से पूछताछ के बाद नया खुलासा किया है। जिन आरोपियों ने सराफा कारोबारी को लूटा, उन्होंने पहले भाजपा पार्षद और MIC मेंबर बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख की सुपारी ली थी। BJP अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और नारियल व्यापारी राजू सोनकर ने लोकल हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास की मदद से उत्तर प्रदेश से शूटर बुलवाए थे। जिन्होंने 18 दिसंबर को भाजपा नेता बंधु मौर्य को टारगेट किया था। शनिचरी मार्केट से घर जाते समय रात में उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन बंधु मौर्य ने उन्हें देखकर अपनी कार की स्पीड बढ़ा दी। इसके चलते उनकी हत्या की साजिश फेल हो गई। जेल में हिस्ट्रीशीटर से हुई थी दोस्ती, बड़ा काम मिलने के नाम पर बुलवाया लूटकांड का आरोपी विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति मध्य प्रदेश के अनूपपुर का रहने वाला है। वो गांजा तस्करी भी करता था। जब वो बिलासपुर जेल में बंद था, तब उसकी पहचान हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास से हुई थी। जिसके बाद उनकी दोस्ती हो गई। इधर, पिछले 6 महीने से भाजपा नेता राजू सोनकर और भाजपा पार्षद बंधु मौर्य के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते राजू ने हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास के साथ मिलकर बंधु मौर्य की हत्या करने के लिए सौदा तय किया, जिस पर नारद ने विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति और उसके शूटर दोस्तों को उत्तर प्रदेश से बिलासपुर बुलवाया। उसने बताया कि उसे बड़ा काम मिला है। उनके आने पर उसने BJP पार्षद बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी दी थी। नारद ने विनोद के साथ मिलकर 25 लाख रुपए में सौदा तय किया था, जिसमें 6 लाख रुपए एडवांस भी दिया गया था। इस सौदे में वो 20% का पार्टनर था। BJP नेता पर अटैक हुआ फेल, तब लूट की बनाई प्लानिंग 18 दिसंबर की रात बदमाशों ने पार्षद की कार रोककर गोली मारने की साजिश रची। एक पिस्टल भी मंगवाई गई थी। सौदे की पूरी प्लानिंग हिस्ट्रीशीटर और बाहरी शूटरों के बीच कराई गई थी। हालांकि, हमले के दौरान बंधु मौर्य ने कार रोकने के बजाए तेजी से आगे बढ़ा दी थी। जिसके चलते उस रात वारदात टल गई थी। इसके बाद नारद के साथ मिलकर पहले होटल कारोबारी लखन देवांगन उर्फ निट्टी को लूटने का प्रयास किया। इसमें भी कामयाबी नहीं मिलने पर सभी आरोपी वहां से भाग गए। इस दौरान एक आरोपी गगनदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद वो दोबारा बिलासपुर आए और फिर सराफा कारोबारी को लूटने की योजना बनाई। अब जानिए बंधु मौर्य ने क्या कहा ? दैनिक भास्कर से खास बातचीत में बंधु मौर्य ने कहा कि राजू सोनकर नारियल का कारोबार करता था। वो पिछले 10 साल से दुकान को किराए में लिया था, जिसे खाली कराना था। साथ ही रिपयेरिंग भी करना था। लेकिन वो दुकान खाली नहीं कर रहा था। दुकान में उसकी गतिविधियां भी संदिग्ध थी। उत्तरप्रदेश, बिहार और ओडिशा से लोग आते थे, जहां शराबखोरी करते थे और चौकीदार को धमकी देते थे। दुकान खाली कराने के बाद वो रंजिश रखने लगा था। बंधु मौर्य बोले- अटैक हुआ तब हल्के में लिया बंधु मौर्य ने बताया कि जब उन्होंने अटैक करने की कोशिश की थी, तब मुझे लगा कि कुछ शराबी युवक हैं, जो आपस में झगड़ा कर रहे हैं। उन्होंने मेरी गाड़ी रुकवाई, तब धीरे करने के बजाए स्पीड बढ़ा दी। बाद में पुलिस अफसरों से पता चला कि मेरी हत्या की सुपारी ली गई थी। नारियल की आड़ में गांजा तस्करी करता था राजू भाजपा पार्षद ने बताया कि राजू नारियल की आड़ में गांजा का अवैध कारोबार करता था। नारियल गाड़ी के बीच में ओडिशा से गांजा लेकर आता था। उसकी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी होने पर उन्होंने दुकान खाली कराने का मन बना लिया था। उन्होंने कहा कि पुलिस को राजू सोनकर के पिछले पांच-दस साल की संपत्ति की जांच करनी चाहिए। इतने कम दिनों में वो अचानक से इतना पैसा कहां से कमाई किया है। BJP में ऐसे लोगों को जगह नहीं मिलनी चाहिए राजू सोनकर को भाजपा संगठन में मंडल अध्यक्ष बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि वो भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता है। अगर, राजू जैसे लोगों को संगठन में पद दिया गया है, तो उसे बाहर करना चाहिए। मैं इस मामले में विधायक से चर्चा करूंगा, ऐसे लोगों को पार्टी में जगह नहीं मिलनी चाहिए। राजनीति में ऊपर पद पर जाने की इच्छा नहीं राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के सवाल पर बंधु मौर्य का कहना है कि मुझे राजनीति में ऊपर पद पर जाने की इच्छा ही नहीं है। मुझे अपने कारोबार में ध्यान देना है, मेरे लिए विधायक से ज्यादा रूचि अपने कारोबार पर है। इसी में ज्यादा व्यस्त हूं और अपने कारोबार पर ज्यादा समय देता हूं। केवल दुकान खाली कराने को लेकर राजू से विवाद हुआ, जिस पर उसने इस तरह से षड्यंत्र किया। ………………………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… भाजपा नेता का मर्डर करने आए थे यूपी से शूटर: बिलासपुर में जमीन विवाद में हत्या की साजिश, फेल हुआ तो सराफा कारोबारी को लूटा
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से करोड़ों की ज्वेलरी लूटकांड के खुलासे के बाद नया मोड़ सामने आया है। इन्हीं आरोपियों को जमीन विवाद के चलते बीजेपी पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख की सुपारी दी गई थी। पार्षद पर हमला हुआ, लेकिन वो बच निकले थे। इसके बाद आरोपियों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स से लूटपाट की थी। पढ़ें पूरी खबर…


