नगर निगम चुनाव में भाजपा नेता ने मुस्लिम मतदाताओं को फोन कर कहा कि वोट देने मत जाना। जिस जमीन पर मुस्लिम मतदाता काबिज हैं, उसका केस एक बड़े कारोबारी ने जीत लिया है। अपना घर बचाना है तो वोट देने मत जाता। भाजपा को वोट तो दोगे नहीं। हम आपका सहयोग करेंगे। मामला अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के अग्रसेन वार्ड का है। कांग्रेस ने ऑडियो जारी करते हुए कहा कि इसकी शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी से की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में भाजपा नेता द्वारा मुस्लिम मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है। वायरल ऑडियो में फोन करने वाले भाजपा नेता ने मुस्लिम मतदाता से कहा कि तुम लोग वोट देने मत जाओ। भाजपा को तो वोट दोगे नहीं। हमारा सहयोग करोगे तो हम तुम्हारा सहयोग करेंगे। घर नहीं टूटेगा। क्या है आडियो में…
नेता- हां मुजिम…
मुजिम- नमस्कार भैय्या…
नेता- हां नमस्कार, सुनों न…
मुजिम- हां
नेता- अपने मुहल्ले के 5, 7, 10 लोग जो आदिवासी जमीन पर बसे हैं। उनको लेकर आ जाओ मेरे पास।
मुजिम- अच्छा ठीक।
नेता- तुम लोग से सहयोग यह चाहिए कि कोई वोट देने मत जाए।
मुजिम- वोट देने नहीं जाना है?
नेता- वोट देने नहीं जाना है।
मुजिम- कैसे…
नेता- नहीं जाना है न वोट देने।
मुजिम- कोई बात…
नेता- समझ लो कि संजय मित्तल से ही बात हुई है। संजय मित्तल और अजय अग्रवाल जो पार्टनर हैं। उसके थ्रू बात हुई है। उसका कहना है कि कोई भी आदमी वोट देने नहीं जाएगा। हम पूरा सहयोग करेंगे।
मुजिम- हां।
नेता- संजय मित्तल का जो पार्टनर है न अजय अग्रवाल, उसे बुला लेंगे। आज आएगा। गुल्लू रहेगा। चार-पांच आदमी और रहेंगे। एक बार मिल लो।
मुजिम- अच्छा।
नेता- देखो फैसला तो उनके पक्ष में आ गया है। रजिस्ट्री हो जाएगा। उसके बाद वह खाली करवाने के लिए लगाएगा। जो भी करेगा। हो सकता है बवाल हो, हो सकता है बवाल न भी हो। हमको तो सपोर्ट उसी का करना पड़ेेगा। हमको पार्षद से कोई मतलब थोड़े ही है। पार्षद कोई भी जीते-हारे।
मुजिम- हां
नेता- आप सबको अपना मकान सुरक्षित रखना है न।
मुजिम- हूं।
नेता- उसके लिए क्या कर सकते हैं हम। वोट नहीं दोगे तो क्या फर्क पड़ेगा।
मुजिम- हां वो तो बात सही है।
नेता- कोई फर्क पड़ेगा, वोट नहीं दोगे तो।
मुजिम- फर्क क्या पड़ना है। मोहल्ले वालों से बात करके देखते हैं।
नेता- हां तो मोहल्ले वाले पांच, सात लोग आकर मिटिंग कर लो। मैं अजय अग्रवाल को बुला लेता हूं। गुल्लू को बुला लेता हूं। आज जाओ एक बार। बात कर लो मोहल्ले वालों से। यहां पर हाथ दबा हुआ हमारा है, उसका नहीं है। यदि वे बोल रहे हैं आपका सहयोग करेंगे। जो होगा, उसका पैसा लेकर आपको जमीन दे देंगे।
मुजिम- हां।
नेता- तो उसमें कोई दिक्कत नहीं है। करना चाहिए।
मुजिम- हां
नेता- और वोट देने जाओगे तो बीजेपी को तो वोट दोगे नहीं।
मुजिम- हां ये तो बात पक्की है।
नेता- बीजेपी को। मैं तो जानता हूं, जितना तुम नहीं जानते। अच्छे-अच्छे मियां लोगों को जानता हूं। बीजेपी को वोट नहीं देंगे। वोट देने मत जाओ तो उनके दिमाग में यह रहेगा कि वोट देने नहीं गए।
मुजिम- हां।
नेता- बाकि तुम लोग कसम खाकर भी बोलोगे कि बीजेपी को वोट दिए हैं तो नहीं मानेंगे।
मुजिम- हां मामने के लिए तो नहीं मानेंगे। इसके बाद भी नेता और मुजिम के बीच लंबी बातचीत हुई। कांग्रेस करेगी जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि यह ऑडियो मुझे आज ही मिला है। जिला निर्वाचन अधिकारी से इसकी शिकायत करेंगे। आडियो की जांच की जाए। जो भी लोग चुनाव को प्रभावित करने का एवं षडयंत्र पूर्वक कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किए हैं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। राकेश गुप्ता ने कहा कि मैनें जानकारी ली है। जिस क्षेत्र के लोगों को धमकाया गया, वहां के करीब सौ मुस्लिम मतदाताओं में 60 से अधिक लोगों ने मतदान नहीं किया है। यह साजिश है और चुनाव को प्रभावित किया गया है। अग्रसेन वार्ड में सीधा मुकाबला
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के अग्रसेन वार्ड में भाजपा एवं कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है।
यहां कांग्रेस ने पूर्व पार्षद पपिंदर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने नए चेहरे शुभम अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। अग्रसेन वार्ड में काफी संख्या मुस्लिम मतदाताओं की भी है।


