भाजपा ने चुनाव में अर्द्धसैनिक बल की तैनाती व सीसीटीवी लगाने की मांग की

विपक्ष के नेता और भाजपा की झारखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को राज्य चुनाव आयुक्त से शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया। सभी 48 शहरी स्थानीय निकायों के लिए चुनाव 23 फरवरी को होने वाले हैं और मतों की गिनती 27 फरवरी को होगी। मरांडी ने एक वीडियो बयान में आरोप लगाया कि झारखंड सरकार नगर निगम चुनाव कराना नहीं चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड उच्च न्यायालय के सख्त आदेश का पालन करते हुए चुनाव कराए जा रहे हैं। इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार भाजपा से डर के कारण नगर निगम चुनाव नहीं करा रही। पलामू में पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने दावा किया कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार बड़े अंतर से शहरी स्थानीय निकाय चुनाव जीतेंगे। इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय, प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक, विधि प्रकोष्ठ के संयोजक सुधीर श्रीवास्तव, चंद्रप्रकाश शामिल हुए। प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और राज्य सरकार मस्त है। राज्य में अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *