भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन ने गुरुवार रात को पांढुर्णा जिले के लिए नए जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी। सौसर के वरिष्ठ भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य संदीप मोहोड को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। संदीप मोहोड पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड के भतीजे हैं। नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की खबर मिलते ही पांढुर्णा और सौसर में जश्न का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों के साथ नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत किया। पांढुर्णा में शाह पेट्रोल पंप के सामने बापू बालपांडे, राजू रेवतकर, निकेश खानवे और नितेश कोरडे समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया। यह नियुक्ति स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पहली बार सौसर क्षेत्र से किसी को जिले की कमान मिली है।


