भास्कर न्यूज | बेमेतरा बिजली कंपनी द्वारा किसानों को बिल दिया गया है। इसके माध्यम से बताया गया है कि राशि नहीं दिए जाने पर कानूनी कार्रवाई होगी। इसे लेकर कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों को परेशान कर रहीं है। अब तक भाजपा सरकार किसानों को कृषि कार्य के लिए मुक्त बिजली देने की बात कह कर लोगों से अपनी पीठ थपथपाती है। ऐसे में किसानों को परेशान करने व लूटने के नियत से भाजपा सरकार द्वारा पहले तो किसानों से धान खरीदी के नाम पर तरह-तरह से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि अब किसानों को बिजली बिल पटाने के नाम पर धमकाया जा रहा है, जो किसी भी तरह से उचित नहीं है। अन्नदाताओं के साथ इस तरह भारतीय जनता पार्टी का व्यवहार यह दिखाता है कि यह सरकार सिर्फ पूंजीवादी है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ ना इंसाफी होने पर कांग्रेस कमेटी द्वारा आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


