भाजपा सांसद बोले-प्रधानमंत्री का कॉल आए तो भी मत सुनना:अफसरों को फटकार लगाकर कहा-चाहे लाट साहब का बच्चा हो, ठेकेदारों को हटाओ

जालोर सांसद लुंबाराम चौधरी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अफसरों से कहा- चाहे कितने बड़े से बड़े प्रधानमंत्री का फोन आ जाए, आपको नहीं सुनना है। चाहे लाट साहब का बच्चा हो, समय पर काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई कर हटाओ। जब तक ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट नहीं करोगे, तब तक दूसरे ठेकेदारों की आंखें नहीं खुलेंगी। इनके खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी। बीजेपी सांसद कलेक्ट्रेट सभागार में डायरेक्शन कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने जलदाय विभाग के काम समय पर पूरे नहीं होने का कारण पूछा तो अधिकारियों ने जवाब दिया कि ठेकेदार धीमी गति से कार्य कर रहे हैं। सांसद ने ठेकेदारों पर कार्रवाई की बात कही तो अफसर बोले कि बड़े ठेकेदार हैं, उन पर कार्रवाई नहीं कर सकते हैं। इस पर सांसद ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने फटकार लगाते हुए जलदाय विभाग के अफसरों से समय पर कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने को कहा। ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करो, सिफारिश आए तो मेरा नाम बता दो
सांसद ने जलदाय विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर (SE) रमेशचंद मीणा से पानी की सप्लाई के बारे में चर्चा की। हर घर नल योजना और नर्मदा प्रोजेक्ट को लेकर प्रोग्रेस रिपोर्ट भी मांगी। उन्होंने पूछा कि आज तक कितनी कार्रवाई की। कई योजना के नाम पर सिर्फ पत्थर पड़े हैं। सरकारी योजना की क्या हालत हो गई है। जब तक ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट नहीं करोगे, तब तक योजना का काम आगे नहीं बढ़ना है। मेहरबानी करके आपको बोल रहा हूं कि कोई भी, कितना भी बड़े से बड़े ठेकेदार क्यों न हो, कार्रवाई करो। सिफारिश आए तो हमारा नाम आगे दो। उनकी जिम्मेदारी मैं लूंगा। लेकिन, आपको कार्रवाई करनी पड़ेगी। तब जाकर सरकारी योजना आगे बढ़ेगी। नहीं तो 2025 तक क्या, 2026 तक भी योजना पूरी नहीं होगी। अगर 15 दिन में कोई कार्रवाई नहीं कि तो मैं मानूंगा कि अधिकारी और ठेकेदार मिले हुए हैं। मॉनिटरिंग से कुछ नहीं होगा। कार्रवाई करिए। बैठक में सांसद ने अधिकारियों से कहा कि यह पहली बैठक है। इसलिए आपको इस बार अवगत कराया जा रहा है। इसके बाद देखो, आगे क्या होता है। जोगेश्वर गर्ग बोले- बड़े से बड़े लोगों का अवैध कनेक्शन काटो
मीटिंग में रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी ने कहा- योजना के तहत कई ढाणियां और गांवों को जोड़ना था। लेकिन, उनकी बजाय किसी के दबाव में आकर दूसरी ढाणियों को जोड़ दिया। जिनका लिस्ट में नाम भी नहीं है। मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि जिले में एक भी अवैध कनेक्शन नहीं चलना चाहिए। बड़े-बड़े लोगों के कनेक्शन काटिए, जिससे कोई किसी से सिफारिश नहीं कर सके। बैठक में आहोर विधायक छगनसिंह और कलेक्टर डॉ. प्रदीप के गवांडे समेत कई अधिकारियों की मौजूदगी रही। ये भी पढ़ेंः-
सांसद बोले-जोधपुर में बजरी माफिया बेखौफ, पुलिस-खनन विभाग में मिलीभगत:नकेल कसने के लिए एसआईटी गठित हो; बैठक में अफसरों को लगाई फटकार सांसद पीपी चौधरी का कहना है कि जोधपुर में बजरी माफिया बेखौफ है, क्योंकि उसकी पुलिस व खनन विभाग से मिलीभगत है। कोई कार्रवाई करने के लिए निकलता है, तो माफिया को इसकी सूचना पहले ही मिल जाती है। इसमें पुलिस के भी कई लोग मिले हुए हैं। इसके बिना इतना कैसे संभव है।(पूरी खबर पढ़िए)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *