भाजपा से एक साल का हिसाब लेने की तैयारी में:सरकार पर जमकर बरसे पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन, कहा- 16 को विधानसभा घेरेंगे

बड़वानी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के हजारों कार्यकर्ता 16 दिसंबर को प्रदेश की राजधानी भोपाल में विधानसभा का घेराव करेंगे। जिसको लेकर शनिवार को पूर्व गृहमंत्री राजपुर विधायक बाला बच्चन ने बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित विधायक राजन मण्डलोई के कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेशव्यापी विधानसभा घेराव की जानकारी मीडिया से साझा की। पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन ने दर्जन भर से अधिक मांगों को लेकर विधानसभा घेराव की जानकारी मीडिया से साझा करते हुए कहा कि प्रदेश की 4जी यानी चार बार की फर्जी भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों को उजागर करने और सरकार को नींद से जगाने के लिए कांग्रेस का विधानसभा घेराव आगामी 16 दिसंबर 2024 को राजधानी भोपाल में व्यापक स्तर पर रखा गया है। इसमें प्रदेश भर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित करीब 50,000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। पूर्व गृहमंत्री ने बताया कि प्रदेश में आज हर वर्ग परेशान है। चाहे दलित हो, आदिवासी हो, महिलाएं हो, किसान हो, या युवा हो सब भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से परेशान और हलाकान हैं। उन्होंने कहा, प्रदेश की जनता पर विभिन्न तरहों के टैक्सों के माध्यम से इतना आर्थिक बोझ लादा जा रहा है कि वह त्राहिमाम कर रहे हैं। वही महंगाई की मार से आमजन जूझ रहा है। पूरा जीवन संकट और संघर्ष से गुजर रहा हैं। गरीब मध्य वर्गी परिवारों को दो बार की रोटी भी नसीब नहीं हो पा रही है, बढ़ते अपराधों से प्रदेश में आज भय का माहौल बना हुआ है। इसमें लोग भय और आतंक के साए में जी रहे हैं। माता बहनों की आबरू तार तार हो रही है, फिर भी सरकार नींद में सोई हुई है, कानून व्यवस्था पूरी तरह से विफल है ऐसे कहीं मुद्दों को लेकर यह घेराव रखा गया है। विधायक राजन मण्डलोई ने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले एक साल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनता से किए एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। प्रदेश में हर दिन कर्ज़ बढ़ता जा रहा है। आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं और सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। जनहित की लड़ाई में इन सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी 16 दिसंबर को प्रदेशव्यापी विधानसभा का घेराव करने जा रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी ने बताया कि प्रदेश की भयावह होती आर्थिक स्थिति पर भाजपा सरकार से श्वेत पत्र लाने की माँग भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्राइम, कर्ज और करप्शन की सरकार चल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के राज में करप्शन की कोई सीमा नहीं है। करप्शन की धुरी ऊपर से लेकर नीचे तक जाती है। जो वल्लभ भवन से प्रांरभ होकर छोटे कर्मचारी तक करप्शन की धुरी बनी हुई है। भाजपा ने एक साल पहले जनता को मूलभूत सुविधाएं देने के साथ, अन्य जनहितैषी योजनाओं को लेकर जो संकल्प पत्र जारी किया था वह प्रदेश सरकार पूरी तरह से भूल गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *