बालोतरा | पंचायत समिति सभागार में मंगलवार को भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से जिला स्तरीय नकद प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी आकाश गुप्ता ने की। बैठक में जाली नोटों की रोकथाम, बैंकों की ओर से कटे-फटे नोटों की अदला-बदली, सिक्कों की उपलब्धता तथा 10 व 20 रुपए के नए नोटों के वितरण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। रिजर्व बैंक के अधिकारियों ने विभिन्न बैंकों से नकदी वितरण की वर्तमान प्रक्रिया की जानकारी ली और निर्देश दिए कि नए नोटों का वितरण आमजन तक सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाएं। साथ ही नोट बदलने की प्रक्रिया में भारतीय रिजर्व बैंक के सभी नियमों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए गए। बैंकों को यह भी कहा गया कि एटीएम के माध्यम से 100 व 200 रुपए के नोटों की निकासी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग परेशान न हो।


