भास्कर न्यूज | अमृतसर दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान युवा कांग्रेस द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा अमृतसर ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला महासचिव कर्ण बेरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथी गेट चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू और डॉ. राम चावला विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष संधू ने कहा कि आज भारत एआई के क्षेत्र में ग्लोबल लीडर बन रहा है, जिससे बौखलाकर कांग्रेस देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि भारत को बदनाम करने की साजिश रचने वालों पर देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए। वहीं, कर्ण बेरी ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि भारतीय युवा विश्व प्रतिस्पर्धा में आगे आएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ने अपनी युवा-विरोधी नीतियां नहीं बदलीं, तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में निलेश सैनी, अक्षय वरमानी और दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।


