अमृतसर में आज क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में लोग भारत–पाकिस्तान टी20 मुकाबले को लेकर बेहद रोमांचित हैं। चाय की दुकानों से लेकर स्पोर्ट्स क्लब तक हर जगह बस इसी मैच की चर्चा हो रही है। फैंस का कहना है कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जज्बातों से जुड़ा होता है। श्रीलंका के कोलंबो में आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे इस हाई-वोल्टेज मैच पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। आईसीसी टूर्नामेंटों में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ मजबूत रहा है, जिससे टीम इंडिया का आत्मविश्वास ऊंचा है। अभिषेक शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम पूरे जोश के साथ मैदान में उतरेगी। वहीं अमृतसर के अभिषेक शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। स्पोर्ट्स कोच और स्थानीय खिलाड़ी भी टीम इंडिया की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहे हैं। टी20 में दबाव झेलने वाली टीम को मिलेगी जीत टी20 फॉर्मेट में हर ओवर अहम होता है। विशेषज्ञों का मानना है कि जो टीम दबाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी, वही जीत दर्ज करेगी। अमृतसर के फैंस ने टीम इंडिया को जीत की शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि भारत शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाएगा। अमृतसर के क्रिकेट प्रेमियों ने एक सुर में कहा है कि उन्हें भरोसा है— जीत भारत की ही होगी।


