भारत से हार के बाद बाबर-शाहीन बाहर हो सकते हैं:PCB चीफ स्टेडियम छोड़ चले गए थे, बाबर 5 रन ही बना सके

भारत से मिली 61 रन की हार के बाद पाकिस्तान के सीनियर खिलाड़ी बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी टीम से बाहर हो सकते हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी टीम के प्रदर्शन से नाराज हैं। उन्होंने अपनी नाराजगी का संदेश टीम मैनेजर नवेद अकरम चीमा तक पहुंचा दिया है। प्रेमदासा स्टेडियम में मैच के दौरान ही चेयरमैन स्टेडियम छोड़कर निकल गए थे। जब यह साफ हो गया था कि पाकिस्तान को भारत के खिलाफ एक और हार का सामना करना पड़ेगा, तभी वे बीच मैच से उठकर चले गए। कोलंबो में भारत के खिलाफ खेले गए इस अहम मुकाबले में बाबर और शाहीन दोनों ही उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। शाहीन ने 2 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 31 रन देकर सिर्फ 1 विकेट लिया। वहीं बाबर आजम महज 5 रन बनाकर आउट हो गए। बाबर इस वर्ल्ड कप में 66 रन ही बना सके टी-20 वर्ल्ड कप में बाबर आजम का प्रदर्शन अब तक फीका रहा है। उन्होंने टूर्नामेंट में सिर्फ 66 रन बनाए हैं। इस दौरान अमेरिका के खिलाफ बनाया गया 46 रन उनका बेस्ट स्कोर है। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से वे इस वर्ल्ड कप में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ साहिबजादा फरहान हैं, जिनके नाम 120 रन दर्ज हैं। शाहीन अब तक 3 विकेट ही ले पाए शाहीन शाह अफरीदी की गेंदबाजी भी इस वर्ल्ड कप में असरदार नहीं रही है। वे अब तक सिर्फ 3 विकेट ही हासिल कर सके हैं। इस दौरान 28 रन देकर उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। शाहिद अफरीदी बोले- दोनों को बाहर करो भारत से हार के बाद पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने सीनियर खिलाड़ियों को बाहर करने की खुलकर मांग की। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी लंबे समय से खेल रहे हैं, लेकिन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे। नामीबिया के खिलाफ नए खिलाड़ियों को मौका दिया जाना चाहिए, ताकि उनमें आत्मविश्वास बने। शाहीन अफरीदी, शाहिद अफरीदी के दामाद हैं। जिसे काम नहीं आता, उसे कुर्सी क्यों- शोएब अख्तर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने टीम के खराब प्रदर्शन के साथ-साथ PCB की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। अख्तर ने खास तौर पर चेयरमैन मोहसिन नकवी पर निशाना साधते हुए कहा- जिसे काम नहीं आता, उसे कुर्सी पर बैठाया ही क्यों गया। इन खिलाड़ियों का समय खत्म हो गया- मोहम्मद यूसुफ पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि अब इन खिलाड़ियों का समय खत्म हो चुका है और टी-20 टीम में नए चेहरों को आजमाने का वक्त आ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कमजोर टीमों पर जीत से काम नहीं चलेगा, मजबूत टीमों के खिलाफ प्रदर्शन जरूरी है। नामीबिया से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो सकता है पाकिस्तान भारत से मिली हार के बाद अब पाकिस्तान के लिए नामीबिया के खिलाफ मुकाबला करो या मरो जैसा हो गया है। अगर टीम यह मैच हारती है, तो उसका टूर्नामेंट से बाहर होना तय माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *