जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया है। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि के बारे में मिली सूचना के आधार पर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने विलेज डिफेंस गार्ड्स (वीडीजी) के साथ मिलकर बिलावर बेल्ट के वन क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया है। इसके अलावा जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई है। अधिकारियों ने कहा है कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। इलाके में अतिरिक्त जवानों को भेजा गया है। संदिग्ध स्थानों के आसपास सुरक्षा और कड़ी की गई है। अधिकारियों के मुताबिक सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, पुलिस और वीडीजी के जवान अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB), नियंत्रण रेखा (LOC) और विभिन्न पहाड़ी और सीमावर्ती जिलों के संवेदनशील इलाकों में कड़ी सतर्कता बरत रहे हैं। आज की अन्य बड़ीं खबरें… डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे मुकेश-नीता अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी सोमवार को राष्ट्रपति-चुनाव डोनाल्ड ट्रम्प के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम से जुड़े एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। शपथ ग्रहण समारोह 20 जनवरी को होगा। संसद के बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से 13 फरवरी के बीच होने की संभावना संसद के बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से 13 फरवरी के बीच होने की संभावना है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को लगातार आठवां बजट पेश कर सकती है। परंपरा के अनुसार सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से होगी। इसके बाद इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च से 4 अप्रैल के बीच बुलाया जा सकता है। सत्र के पहले भाग में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर दोनों सदनों में बहस होगी और संसद के दोनों सदनों में प्रधानमंत्री के जवाब के साथ सत्र का समापन होगा। कोलकाता के प्राइवेट हॉस्पिटल ने छत पर हेलीपैड बनाया, इमरजेंसी में मरीजों को एयरलिफ्ट किया जाएगा पश्चिम बंगाल के कोलकाता में देसून हॉस्पिटल ने शुक्रवार को रूफटॉप हेलीपैड का शुभारंभ किया। हॉस्पिटल ने ट्रैफिक जाम से बचने और गंभीर मरीजों को जल्दी से जल्दी एयरलिफ्ट करने के लिए छत पर हेलीपैड बनाया है। हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि अगस्ता 109-SP हेलीकॉप्टर बेहाला फ्लाइंग क्लब से उड़ान भरकर अस्पताल के हेलीपैड पर उतरा। जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला के काफिले की कार का एक्सीडेंट; दिल्ली से अजमेर से जा रहे थे राजस्थान के दौसा में जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला की कार का एक्सीडेंट हो गया। हादसा शुक्रवार दोपहर 1.45 बजे के आस-पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुआ। सूत्रों के मुताबिक एक नीलगाय अचानक काफिले की कार के सामने आ गई। इससे एस्कॉर्ट कर रही दिल्ली पुलिस की कार क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के कारण कार के सामने के दोनों एयरबैग खुल गए। फारूक अब्दुल्ला सुरक्षित हैं। वे अजमेर दरगाह जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें… महाराष्ट्र के नारायणगांव में टैम्पो की मिनीवैन से टक्कर, 9 लोगों की मौत; पुणे-नासिक हाईवे पर हादसा महाराष्ट्र के नारायणगांव में शुक्रवार सुबह मिनीवैन की टेम्पो से टक्कर हो गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कुछ लोग घायल भी हुए हैं। पुणे रूरल के SP पंकज देशमुख ने बताया कि हादसा सुबह 10 बजे हुआ। मिनीवैन नारायणगांव की तरफ जा रही थी। तभी एक टैम्पो ने तेज रफ्तार में मिनीवैन को पीछे से टक्कर मारी। इससे मिनीवैन पार्क की गई बस से टकरा गई। मिनीवैन में मौजूद 9 लोगों की मौत हो गई। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से 13 फरवरी तक; 1 फरवरी को निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगा। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। यह बजट मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा पूर्ण कालिक बजट होगा। पिछले साल चुनाव के कारण 1 फरवरी 2024 को निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट पेश किया था। PFI के पूर्व चीफ अबूबकर को SC ने जमानत देने से मना किया, मेडिकल ग्राउंड पर याचिका लगाई थी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को UAPA मामले में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के पूर्व चीफ ई. अबूबकर को जमानत देने से इनकार कर दिया। अबूबकर ने मेडिकल ग्राउंड पर जमानत देने की मांग की थी। दरअसल, अबुबकर ने जमानत की मांग करते हुए कहा कि उसे पार्किंसंस कैंसर है, जिसके इलाज के लिए उसे जमानत दी जानी चाहिए। हालांकि कोर्ट ने उसका ये आधार नहीं माना और जमानत याचिका खारिज कर दी। बता दें कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अबूबकर को 2022 में UAPA के तहत गिरफ्तार किया गया था। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, BSF के 2 जवान घायल छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में सीमा सुरक्षा बल के दो जवान घायल हो गए। एक्टर विजय की तमिलगा वेत्री कझगम इरोड (पूर्व) उपचुनाव का बहिष्कार करेगी एक्टर विजय की पार्टी टीवीके के महासचिव एन आनंद ने कहा- पिछले इतिहास ने हमें यह एहसास कराया है कि तमिलनाडु में आमतौर पर सत्ताधारी सरकारें उपचुनाव जीतने के लिए लोकतांत्रिक सिद्धांतों का पालन किए बिना पूरी ताकत का इस्तेमाल करती हैं। इसी आधार पर टीवीके विक्रवंडी उपचुनाव की तरह इरोड (पूर्व) उपचुनाव का भी बहिष्कार करेगी। साथ ही किसी भी पार्टी को समर्थन नहीं देगी कोलकाता रेप मर्डर केस पर कल सियालदह कोर्ट फैसला सुनाएगा, ट्रेनी डॉक्टर के पिता बोले- हमें न्याय की उम्मीद कोलकाता रेप मर्डर केस को लेकर कोलकाता की सियालदह कोर्ट कल यानी 18 जनवरी को फैसला सुनाएगा। इसे लेकर ट्रेनी डॉक्टर के पिता ने कहा कि हमें न्याय की उम्मीद है। हमें लगता है कि कोर्ट सही फैसला सुनाएगा। पुष्टि हो चुकी है कि एक से ज्यादा आरोपी शामिल थे। हमारे 2 और मामले है। इनमें एक हाईकोर्ट में है और एक सुप्रीम कोर्ट में है। फॉर्मूला-ई रेस मनी लाॅन्ड्रिंग केस में ईडी ने केटीआर से 7 घंटे पूछताछ की फॉर्मूला-ई रेस से जुड़े मनी लाॅन्ड्रिंग मामले में बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (केटीआर) गुरुवार को ईडी के समक्ष पेश हुए। उनसे 7 घंटे पूछताछ हुई। मामला फॉर्मूला-ई रेस इवेंट में 54 करोड़ रुपए भुगतान की गड़बड़ी से जुड़ा है। केटी रामाराव ने पेश हाेने से पहले कहा कि यह केस राजनीतिक बदले की भावना से चलाया जा रहा है। ओडिशा में सीमेंट फैक्ट्री में कंटेनर गिरा, कई टन कोयले में दबे मजदूर ओडिशा के सुंदरगढ़ में गुरुवार शाम को एक सीमेंट फैक्ट्री में कोयला हॉपर (बड़ा कंटेनर) गिरने से कई मजदूर अंदर दब गए। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना गुरुवार शाम को सुंदरगढ़ के राजगांगपुर में डालमिया सीमेंट फैक्ट्री में हुई, जब हॉपर गिर गया और मजदूर कई टन कोयले के नीचे दब गए।


