दिल्ली के शाहदरा में करीब 20 साल की युवती का शव बरामद हुआ। शव पर गोली लगने के निशान मिले हैं। शाहदरा की एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) नेहा यादव ने बताया कि सोमवार (14 अप्रैल) देर रात हमें सूचना मिली कि जीटीबी एन्क्लेव इलाके में एक लड़की को गोली लगी है। लड़की की पहचान अभी नहीं हो सकी है। शव पर गोली लगने के दो निशान मिले हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद पूरी जानकारी मिल पाएगी। 29 मार्च को शाहदरा के विवेक विहार इलाके में एक घर से एक महिला का शव मिला था। आज की अन्य बड़ी खबरें… गुलाम नबी आजाद ने अपनी पार्टी की सभी इकाइयां भंग कीं, पार्टी प्रवक्ता भी हटाए डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (DPAP) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को पार्टी की सभी इकाइयां भंग कर दीं। इसमें राज्य, जिला और ब्लॉक स्तरीय समितियों समेत अन्य सभी पार्टी इकाइयां शामिल हैं। इसके अलावा पार्टी प्रवक्ताओं को भी पद से हटा दिया गया है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 90 सीटों में से 23 पर उम्मीदवार उतारे थे। पार्टी को छह सीटों पर NOTA से भी कम वोट मिले थे। इनमें आजाद का गृह जिला डोडा भी शामिल था। आजाद ने कांग्रेस से नाता तोड़कर 2022 में पार्टी बनाई थी।


