मध्य प्रदेश के कटनी जिले के लमतरा में एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने पास की थर्माकोल फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना से आसमान में दूर तक धुएं का गुबार छा गया।आग शनिवार शाम साढ़े 5 बजे लगी थी। 6 दमकल गाड़ियां रात 9 बजे तक आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, लपटे कम होने की बजाय और बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर शाम गोदाम से आग की लपटें निकलनी शुरू हुईं। गोदाम में प्लास्टिक की बोरियों और बैग्स का भारी स्टॉक था। तेज हवा के कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं। कुछ ही मिनटों में बगल की थर्माकोल फैक्ट्री तक पहुंच गईं। थर्माकोल के ज्वलनशील होने के कारण आग और तेज हो गई। पूरी खबर पढ़ें… आज की अन्य प्रमुख खबरें… बेंगलुरु में पत्नी का कटा सिर लेकर थाने पहुंचा पति, अवैध संबंध के शक में हत्या की कर्नाटक के बेंगलुरु में एक 28 साल के शख्स शंकर ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी का सिर काट दिया। फिर कटा सिर स्कूटर पर लेकर खुद थाने भी गया। पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात बेंगलुरु के अनेकल तालुक के चंदपुरा के पास हीलालिगे गांव में हुई। कपल की शादी को पांच साल से ज्यादा हो चुके हैं और उनकी चार साल की एक बेटी भी है। दोनों ही प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। पति कोरमंगला में काम करता था, जबकि पत्नी बोम्मासंद्रा में जॉब करती थी। दिल्ली CM को जान से मारने की धमकी देने वाला गाजियाबाद से गिरफ्तार; नशे में पहले पत्नी को फोन किया फिर CM को दिल्ली पुलिस के उत्तर पश्चिम जिले के विशेष स्टाफ ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गाजियाबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यक्ति नशे में था। उसने पहले अपनी अलग रह रही पत्नी से बात करने के लिए फोन किया और बाद में मुख्यमंत्री को धमकी दी। आरोपी लॉ ग्रेजुएट है और अपनी पत्नी के छोड़कर चले जाने से परेशान था। असम राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने असम से कणाद पुरकायस्थ को उम्मीदवार बनाया, 19 जून को वोटिंग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम राज्यसभा चुनाव के लिए कणाद पुरकायस्थ को उम्मीदवार बनाया है। पुरकायस्थ राज्य में पार्टी के सचिव हैं। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री कबीरंद्र पुरकायस्थ के बेटे हैं। कबीरंद्र ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में संचार राज्य मंत्री के रूप में काम किया था। असम के दो राज्यसभा सदस्यों मिशन रंजन दास (भाजपा) और बीरेंद्र प्रसाद बैश्य (असम गण परिषद) का कार्यकाल 14 जून को पूरा हो रहा है। इन सीटों के लिए 19 जून को चुनाव होगा। बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया को ED का समन, ₹65 करोड़ के मीठी नदी सफाई घोटाले में तलब किया प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया को अगले हफ्ते पेश होने के लिए समन भेजा है। उन्हें मीठी नदी की सफाई में 65 करोड़ रुपए के घोटाले मामले में तलब किया गया है। उत्तराखंड में केदारनाथ जा रहे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बीच सड़क पर उतारा उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में तकनीकी खराबी के कारण एक हेलिकॉप्टर की बीच सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इस दौरान हेलिकॉप्टर का पिछला हिस्सा टूटकर कार पर गिर गया। इससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हेलिकॉप्टर बडासू हेलिपैड से केदारनाथ जा रहा था। इसमें पायलट समेत 6 लोग सवार थे। पायलट को हल्की चोटें आई हैं। अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। इस साल 2 मई से केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू हुई है। देशभर से अब तक 22 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री भगवान केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। पिछले 37 दिनों में 26 हजार से ज्यादा यात्रियों ने हेलिकॉप्टर सर्विस से केदारनाथ धाम पहुंचकर दर्शन किए है। पूरी खबर पढ़ें… दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन महीने के लिए रोजाना 144 फ्लाइट्स कैंसिल होंगी, एक रनवे को अपग्रेड करने के लिए बंद किया जाएगा दिल्ली एयरपोर्ट संचालक DIAL ने शुक्रवार को बताया कि 15 जून से तीन महीने के लिए हर दिन 114 फ्लाइट्स रद्द की जाएंगी। ये संख्या डेली फ्लाइट्स का लगभग 7.5% है। इसका कारण रनवे RW 10/28 के अपग्रेडेशन कार्य के लिए उसका बंद रहना है। रनवे RW 10/28 का अपग्रेडेशन पहले मई में शुरू होना था, लेकिन भीड़भाड़ के चलते इसे टाल दिया गया था। अब यह कार्य 15 जून से 15 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान रनवे पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) को अपग्रेड किया जाएगा। इससे कोहरे के मौसम में कम दृश्यता के दौरान भी उड़ानों का संचालन संभव हो सकेगा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGIA) देश का सबसे बड़ा और सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। यहां रोजाना लगभग 1,450 फ्लाइट मूव करती हैं। यहां चार रनवे हैं — RW 09/27, RW 11R/29L, RW 11L/29R और RW 10/28 और दो टर्मिनल (T1 और T3) इस समय चालू हैं। T2 टर्मिनल फिलहाल रखरखाव के लिए बंद है। कोलकाता में रेप के अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो लोगों को अरेस्ट किया कोलकाता पुलिस ने रेप की अलग-अलग घटनाओं के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पहली गिरफ्तारी मुचिपारा इलाके में हुई, जब पुलिस ने एक 22 साल के आरोपी को 9 साल की बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर कई बार यौन उत्पीड़न करने के आरोप में हिरासत में लिया। वहीं दूसरा आरोपी मालदा का रहने वाला है, उसके ऊपर शादी का झूठा वादा करके महिला से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। तिरुवनंतपुरम में टू-व्हीलर शोरूम में आग लगी, किसी के घायल होने की खबर नहीं केरल की राजधानी तिरुवनंपुरम में एक टू-व्हीलर शोरूम में शनिवार सुबह आग लग गई। आग लगने की सूचना सुबह करीब 4 बजे मिली और आठ फायर टेंडरों की मदद से लगभग 6:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। फायर एंड रेस्क्यू अधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट-सर्किट की आशंका जताई जा रही है।