भास्कर अपडेट्स:महाराष्ट्र के पालघर जिले में केमिकल प्लांट से ओलियम गैस का रिसाव, 2600 लोग शिफ्ट किए गए

महाराष्ट्र के पालघर जिले में स्थित एक केमिकल प्लांट से ओलियम गैस के रिसाव की घटना सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके से करीब 2600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। घटना में किसी के हताहत होने की अब तक जानकारी नहीं मिली है। आज की बाकी बड़ी खबरें… एयर इंडिया एक्सप्रेस के एमडी आलोक सिंह का 19 मार्च को इस्तीफा एयर इंडिया एक्सप्रेस के मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक सिंह 19 मार्च को अपने पद इस्तीफा देगें। वह जल्द ही अपने तीन साल का कार्यकाल पूरा करने वाले हैं। आलोक सिंह के नेतृत्व में एयरलाइन ने कई महत्वपूर्ण बदलाव और विस्तार देखे हैं। कंपनी ने उनके अगले उत्तराधिकारी के नाम की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। Loc के पास ड्रोन घुसपैठ के चलते जम्मू-कश्मीर में 2-3 मार्च को स्कूल बंद रहेंगे नियंत्रण रेखा (एलओसी) के साथ पाकिस्तानी ड्रोन घुसपैठ के कई प्रयासों के चलते जम्मू और कश्मीर के सभी स्कूल 2 और 3 मार्च को बंद रहेंगे। कश्मीर के विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने एक आदेश जारी कर कहा है कि शीतकालीन अवकाश के बाद आज से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों को फिर से खोलने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। रविवार तड़के जम्मू और कश्मीर के पुंछ क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय सेना ने 2-3 छोटे ड्रोन मार गिराए थे। इन्हीं ड्रोन की घुसपैठ के चलते स्कूलों को बंद करने का फैसला किया गया है। दिल्ली के 6 स्कूलों और 3 बैंक में बम की धमकी, बम निरोधक दस्ते और पुलिस की टीमों का सर्च ऑपरेशन जारी राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह 6 स्कूलों और 3 बैंक को ईमेल के जरिए धमकी दी गई है। दिल्ली स्थित सरदार पटेल विद्यालय समेत कई स्कूलों में बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल आया। पुलिस को सूचना दी गई और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। स्कूलों-बैंकों में तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। बच्चों और बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों और बैंकों को एहतियात के तौर पर खाली करा लिया गया था। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी भरे कॉल के सोर्स का पता लगाने की कोशिश कर रही है। ओडिशा के बोलांगीर और बरगढ़ को नक्सल मुक्त, कुल संख्या 7 हुई ओडिशा के 2 जिले बोलांगीर और बरगढ़ को नक्सल मुक्त घोषित किया गया है। ओडिशा पुलिस ने बताया कि यहां के 15 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। अब से ये जिले नक्सल मुक्त हैं। डीजीपी वाई बी खुरानिआ ने कहा कि राज्य में लंबे समय से चलाए जा रहे संयुक्त एंटी-नक्सल अभियानों का यह एक बड़ा परिणाम है। इन 15 माओवादियों ने छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में आत्मसमर्पण किया, जो बरगढ़ से सटा हुआ है। ये माओवादी बरगढ़-बोलांगीर-महासमुंद बेल्ट में सक्रिय थे। डीजीपी ने बताया कि इस घोषणा के साथ ओडिशा में नक्सल मुक्त जिलों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है, इनमें नुआपाड़ा, नबरंगपुर, कोरापुट, मलकानगिरी, बौध, बोलांगीर और बरगढ़ के नाम हैं। कंधमाल, रायगढ़ा और कालाहांडी जिलों में अभी भी माओवादी गतिविधियां जारी हैं। राज्य में अब करीब 25 माओवादी ही एक्टिव बचे हैं। 6 और 7 मार्च को केरल जाएगा निर्वाचन आयोग; विधानसभा चुनाव की तैयारियों समीक्षा करेगा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग 6-7 मार्च को केरल में विधानसभा चुनाव तैयारियों की समीक्षा करेगा। इस साल कुल 5 राज्यों (केरल, असम, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और प. बंगाल) में चुनाव होने हैं। आयोग असम, तमिलनाडु और पुड्डुचेरी का दौरा कर चुका है, पश्चिम बंगाल का दौरा बाकी है। इन राज्यों में एसआईआर पूरा हो चुका है। ईरान संकट के बीच, कार्नी और मोदी की वार्ता आज कनाडा के पीएम मार्क कार्नी अपना मुंबई दौरा खत्म कर रविवार शाम 7 बजे दिल्ली पहुंच गए। ईरान संकट के बीच वे सोमवार को पहले विदेश मंत्री जयशंकर से मिलेंगे। इसके बाद हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *