भास्कर अपडेट्स:येदियुरप्पा को स्पेशल कोर्ट ने 2 दिसंबर को तलब किया, बाल यौन शोषण का मामला

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को स्पेशल कोर्ट ने उन्हें बाल यौन शोषण मामले में 2 दिसंबर को तलब किया है। पीड़िता की मां की शिकायत के अनुसार, येदियुरप्पा ने पिछले साल फरवरी में बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर एक बैठक के दौरान उनकी 17 वर्षीय बेटी का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था। पिछले हफ्ते, कर्नाटक हाईकोर्ट ने येदियुरप्पा के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) एक्ट के तहत दर्ज मामला रद्द करने से इनकार कर दिया था और येदियुरप्पा को समन जारी करने वाले निचली कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली पुलिस ने चोर को पकड़ा, 12 मोबाइल फोन बरामद दिल्ली पुलिस ने करोल बाग के रहने वाले प्रवीण कुमार (37) को गिरफ्तार किया है। उसकी कार से 12 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें खाटू श्याम जी (सीकर) और वृंदावन के इस्कॉन मंदिर से चोरी हुए फोन भी शामिल हैं। 16 नवंबर को खाटू श्याम मंदिर से चोरी हुए फोन की लोकेशन ट्रेस होने पर आरोपी पकड़ा गया। प्रवीण ने बताया कि वह अपने साथी सन्नी उर्फ अजय के साथ मिलकर भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर हाई-एंड फोन चुराता था। पुलिस सन्नी की तलाश में जुटी है। पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गैराज में आग लगी, एक की मौत पश्चिम बंगाल के हावड़ा के मौदिग्राम इलाके में मंगलवार दोपहर एक गैराज में आग लगी। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दिल्ली में CRPF के दो स्कूलों को बम की धमकी, जांच में झूठी निकली राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह CRPF द्वारा संचालित दो स्कूलों को बम धमकी मिली। एक अज्ञात व्यक्ति ने सुबह करीब 9 बजे PCR को फोन कर बताया कि प्रशांत विहार और द्वारका स्थित स्कूलों में बम लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दोनों स्कूलों को सावधानी के तौर पर खाली कराया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि धमकी देने के तुरंत बाद कॉलर ने अपना फोन बंद कर लिया, और उसकी तलाश की जा रही है। स्कूलों की पूरी तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फ़ायर सर्विस के मुताबिक, यह धमकी झूठी पाई गई। पुलिस कॉल रिकॉर्ड और तकनीकी विवरण खंगाल रही है ताकि कॉलर की पहचान की जा सके और उसकी मंशा स्पष्ट हो सके। घटना में किसी के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं है। पुणे एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 3 घंटे लेट, हंगामे का वीडियो वायरल पुणे एयरपोर्ट पर आज सुबह उस समय हंगामा मच गया, जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 6763 तय समय से करीब तीन घंटे देरी से रवाना हुई। फ्लाइट सुबह 5 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन लगातार देरी से परेशान यात्री काउंटर पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो वायरल है, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री तेज बहस और नाराजगी जताते दिख रहे हैं। देरी की वजह क्या है, इस पर इंडिगो की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। बेंगलुरु में मेट्रो को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल भेजने वाले पर FIR दर्ज बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो और BMRCL को मंगलवार सुबह एक बम धमकी वाला ईमेल मिला, जिसके बाद पूरे मामले में हड़कंप मच गया। अज्ञात भेजने वाले ने आरोप लगाया कि मेट्रो स्टाफ उसकी तलाकशुदा पत्नी को परेशान कर रहा है, इसलिए वह किसी मेट्रो स्टेशन पर हमला करेगा। BMRCL ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद विल्सन गार्डन पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 351(2) और 351(3) के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की पहचान पता करने के लिए जांच शुरू कर दी है। मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। अधिकारी लगातार ईमेल की तकनीकी जांच कर रहे हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। मुंबई में सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर रेल फ्रैक्चर, लोकल ट्रेन सर्विस पर असर, 15 मिनट की देरी से चल रहीं मंगलवार सुबह मुंबई के विक्रोली और कांजुरमार्ग स्टेशनों के बीच रेल फ्रैक्चर का पता चलने के बाद सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहीं। ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 10 से 20 मिनट देरी से चल रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि डाउन स्लो लाइन पर सुबह 7.32 बजे फ्रैक्चर देखा गया, जिसके बाद अधिकारियों ने सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्पीड लिमिट लागू कर दी और रूट बदल दिया। कर्नाटक CM सिद्धारमैया की पत्नी बेंगलुरु के अस्पताल में भर्ती, सांस लेने में तकलीफ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती बी एम को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पारिवारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सिद्धारमैया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए नई दिल्ली में हैं। उन्होंने डॉक्टरों से फोन पर बात की। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री की पत्नी को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। कांग्रेस विधायक शिवलिंगे गौड़ा उनके स्वास्थ्य का हालचाल जानने अस्पताल गए थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने CM सिद्धारमैया के बेटे और एमएलसी यतींद्र सिद्धारमैया से बात की है। यतींद्र ने कहा कि अब कोई समस्या नहीं है। उनकी हालत स्थिर है। मुंबई में जनवरी से अब तक 1 हजार अवैध बांग्लादेशी नागरिक डिपोर्ट किए गए मुंबई में इस साल जनवरी से अब तक 1,001 अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को डिपोर्ट किया गया है। अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ 401 आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। मुंबई पुलिस ने सोमवार को बताया कि वीजा उल्लंघनों की पुष्टि और सबूत इकट्ठा करने के बाद विभिन्न इलाकों से संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था। उन्हें पुणे ले जाया गया और फिर भारतीय वायुसेना के विशेष विमानों से बांग्लादेश सीमा पर ले जाकर सुरक्षाबलों को सौंप दिया गया। जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच से पता चला कि कई बांग्लादेशी प्रवासियों ने आधार कार्ड सहित नकली भारतीय दस्तावेज तैयार किए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *