सबरीमाला मंदिर में 29 दिनों में 22.67 लाख अयप्पा भक्तों ने दर्शन किए, जो पिछले साल से 4.51 लाख ज्यादा हैं। त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड के अध्यक्ष पी.एस. प्रशांत ने बताया, इस दौरान मंदिर का रेवेन्यू 163.89 करोड़ रुपये रहा। अरवाना प्रसादम की बिक्री से 82.67 करोड़ रुपये और दान पेटी से 52.27 करोड़ रुपये की आय हुई। पिछले साल की तुलना में अरवाना की आय में 17.41 करोड़ और दान पेटी की आय में 8.35 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी आई है। प्रशांत ने पुलिस समेत सभी विभागों का सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के सामने पेश हो सकते हैं इलाहाबाद हाईकोर्ट जज शेखर यादव; मुस्लिमों पर विवादित बयान का मामला विहिप कार्यक्रम में विवादित बयान देने वाले इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज शेखर कुमार यादव सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के सामने अपना पक्ष रखने के लिए पेश हो सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 10 दिसंबर को इस मुद्दे पर मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर इलाहाबाद हाईकोर्ट से पूरी जानकारी मांगी थी। प्रक्रिया के तहत, किसी विवादास्पद मामले में जज को कॉलेजियम के सामने अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाता है। कॉलेजियम की अध्यक्षता भारत के चीफ जस्टिस करते हैं।
गुजरात में शादी के चार दिन बाद ही पत्नी ने पति की हत्या करवाई, चचेरे भाई ने साथ दिया
गुजरात में एक महिला ने शादी के चार दिन बाद ही अपने पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि हत्या में महिला के साथ उसका चचेरा भाई भी शामिल है। यह भी पता चला है कि महिला शादी से पहले अपने चचेरे भाई से प्यार करती थी। बिहार के खगरिया में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत, 4 घायल बिहार के खगरिया में रविवार को एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 4 लोग घायल हो गए। घटना चैढ़ा गांव के पास नेशनल हाईवे 31 पर हुई। पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल चारों घायलों की स्थिति स्थिर है। केरल के पथानामथिट्टा में कार की मिनी बस से टक्कर, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत केरल के पथानामथिट्टा में रविवार सुबह करीब 4 बजे एक कार और मिनी बस की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसा पथानामथिट्टा जिले में मल्लास्सेरी के पास हुआ। सुबह करीब 4 बजे एक मिनी बस अयप्पा भक्तों को तेलंगाना से सबरीमाला ले जा रही थी। इसी दौरान तिरुवनंतपुरम से पथानामथिट्टा लौट रहा एक परिवार की कार से मिनी बस की भिड़त हुई। मृतकों की पहचान मैथ्यू इपेन, उनके बेटे निखिल, निखिल की पत्नी अनु और अनु के पिता बीजू के रूप में हुई है। निखिल और अनु की शादी 30 नवंबर को हुई थी। AI इंजीनियर अतुल सुभाष सुसाइड केस- पत्नी निकिता सिंघानिया गुरुग्राम से गिरफ्तार; साला और सास प्रयागराज से पकड़े गए कर्नाटक पुलिस ने सुसाइड करने वाले AI इंजीनियर अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा और पत्नी के भाई अनुराग को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है। अतुल ने कुछ दिनों पहले निकिता और उसके परिवार पर उत्पीड़न और जबरन वसूली का आरोप लगाने के बाद बेंगलुरु में आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने सिंघानिया को अदालत में पेश किया है और उन्हें हिरासत में लिया जाएगा। इससे पहले निकिता ने शनिवार को ही इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी। पढ़ें पूरी खबर… स्पेन की फेमस फैशन कंपनी मैंगो के फाउंडर इसाक एंडिक की मौत, 300 फीट गहरी खाई में गिरे स्पेन की फैशन दिग्गज कंपनी मैंगो के संस्थापक इसाक एंडिक की दुर्घटना में मौत हो गई है। 71 साल के एंडिक बार्सिलोना के पास एक साल्निट्रे की कोलबैटो गुफाओं एरिया में 320 फीट गहरी खाई में गिर गए। कंपनी ने शनिवार को इसकी घोषणा की। मैंगो के सीईओ टोनी रुइज ने एक बयान में एंडिक ने कहा- उन्होंने अपना जीवन मैंगो को समर्पित कर दिया। एंडिक के निधन से बहुत बड़ा शून्य पैदा हो गया है। फोर्ब्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के गैर-कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में काम करने वाले एंडिक की कुल संपत्ति 4.5 बिलियन डॉलर थी। उन्होंने 1984 में स्पेन के बार्सिलोना में मैंगो ब्रांड की स्थापना की। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार मैंगो यूरोप के टॉप फैशन ग्रुप में से एक है।इसके 120 से अधिक स्टोर हैं। 2023 में कंपनी की बिक्री 3.2 बिलियन अमरीकी डॉलर को पार कर गई थी। मैंगो की वेबसाइट के अनुसार कंपनी वर्तमान में अमेरिका में 40 स्टोर संचालित करती है और अगले साल 20 और स्टोर खोलने की योजना बना रही है।


