भिंड में पार्षद पति ने लगाई झाड़ू:वार्ड 20 में 15 दिन से नहीं उठा कचरा; ठेकेदार बोला- हम किसी के बाप के नौकर नहीं

भिंड नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 20 में सफाई व्यवस्था ठप होने से नाराज पार्षद पति ने खुद झाड़ू लगाकर विरोध जताया। वार्ड में पिछले 15 दिनों से न तो झाड़ू लगी है और न ही कचरा उठाने वाली गाड़ी आ रही है। पार्षद सुलेखा विनोद दूरवार के पति विनोद दूरवार ने वार्डवासियों के साथ सड़क पर उतरकर करीब एक घंटे तक सफाई की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। विनोद दूरवार ने आरोप लगाया कि जब कोई वार्डवासी सफाई कर्मचारियों से बात करता है तो वे अभद्र भाषा में जवाब देते हैं। सफाई ठेकेदार यह तक कह देता है कि “हम किसी के बाप के नौकर नहीं हैं, सफाई अपने तय समय-टेबल से होगी।” इस तरह के व्यवहार से वार्डवासी बेहद आहत हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कलेक्टर की फटकार का भी असर नहीं करीब 15 दिन पहले पार्षद यश जैन ने भी सफाई ठेकेदार की शिकायत कलेक्टर से की थी। कलेक्टर ने सीएमओ को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए थे, लेकिन जमीनी हालात नहीं सुधरे। नालियां और नाले गंदगी से भरे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। मामले में सीएमओ यशवंत वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। विधायक ने मीटिंग से बाहर निकलवाया था नगर पालिका में अफसरों की मनमानी और राजनीतिक दखलंदाजी के आरोप लग रहे हैं। हाल ही में पार्षदों की बैठक में भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा और नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि के चचेरे ससुर (अध्यक्ष प्रतिनिधि) सुनील बाल्मीकि के बीच तीखी बहस हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि विधायक ने सुनील बाल्मीकि को मीटिंग से बाहर निकलवा दिया था। आरोप है कि नगर पालिका एक राजनेता के इशारे पर चल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *